Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इस दिन कानपुर आ रहे हैं पीएम मोदी, 13 जिलों से जुटेंगे कार्यकर्ता, 10,000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 06:19 AM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को कानपुर के निराला नगर रेलवे मैदान में जनसभा को संबोधित करने आ सकते हैं। इस दौरान वे 10,000 करोड़ की परियोजनाओं का ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. प्रशासन ने सात जुलाई को प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को लेकर शुरू हुईं तैयारियां

    2. एडीएम सिटी ने निराला नगर रेलवे मैदान का किया निरीक्षण, पांच हेलीपैड किए जाएंगे तैयार

    जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी सात जुलाई को निराला नगर रेलवे मैदान में जनसभा को संबोधित करने के लिए आ सकते हैं। उनके प्रस्तावित और संभावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और हेलीपैड की व्यवस्था को अंतिम रूपरेखा तैयार करने का काम शुरू हो गया है।

    रैली के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जनसभा से प्रधानमंत्री 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की सौगात दे सकते हैं।

    प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जनसभा स्थल पर जर्मन हैंगर के माध्यम से विशाल पंडाल बनाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मंच साझा कर सकती हैं।

    पांच हेलीपैड की तैयारी

    प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पांच हेलीपैड बनाने की तैयारी चल रही है। पुलिस-प्रशासन ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, वीवीआईपी मूवमेंट और आम लोगों की आवाजाही के लिए अलग-अलग योजना तैयार कर रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जबकि विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएंगे।

    एडीएम सिटी ने किया मैदान का निरीक्षण

    एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता ने निराला नगर रेलवे मैदान का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर हेलीपैड बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। वहीं, इससे पहले सेतु निगम की लखनऊ टीम ट्रांसगंगा सिटी पुल परियोजना का निरीक्षण कर चुकी है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इस परियोजना का प्रधानमंत्री की मौजूदगी में शिलान्यास हो सकता है।

    खबरें और भी

    शहर को कई विकास परियोजनाएं

    प्रधानमंत्री जनसभा के दौरान शहर और प्रदेश के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इनमें कानपुर और लखनऊ को जोड़ने वाले नए एक्सप्रेसवे का शुभारंभ होगा, जिसकी कुल लागत लगभग 4,700 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही ट्रांसगंगा सिटी पुल 753 करोड़,सरैया क्रासिंग ओवरब्रिज लगभग 150 करोड़ रुपये, 1115 करोड़ रुपये से बनने जा रहे अनवरगंज मंधना रेलवे ट्रैक आधारशिला, 753 करोड़ रुपये से बनने जा रहे ट्रांसगंगा सिटी पुल परियोजना का शिलान्यास, नौबस्ता मेट्रो रूट का शुभारंभ करेंगे। हालांकि अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है।

    13 जनपदों से आएंगे भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी

    भाजपा संगठन ने भी प्रधानमंत्री की रैली को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 13 जनपदों से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जनसभा में लाने की रणनीति बनाई जा रही है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। संगठन की ओर से जनसंपर्क अभियान भी शुरू किया गया है।

    रेलवे अधिकारियों को भी मैदान को लेकर निर्देश

    प्रशासन की ओर से रेलवे अधिकारियों को भी मौखिक रूप से निर्देश दिए गए हैं कि सात जुलाई तक निराला नगर रेलवे मैदान किसी अन्य संस्था या आयोजन के लिए आवंटित न किया जाए, ताकि कार्यक्रम की तैयारियों में कोई व्यवधान न आए। यदि कार्यक्रम तय समय पर होता है तो यह कानपुर की सबसे बड़ी राजनीतिक और विकासपरक जनसभाओं में शामिल होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ शहर को कई बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है, जिस पर अब पूरे कानपुर और बुंदेलखंड की निगाहें टिकी हैं।

    यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र से असम जा रही मालगाड़ी कानपुर में डीरेल, 108 मीटर तक घिसटते रहे डिब्बे, फ्रेट कॉरिडोर 15 घंटे ठप

    यह भी पढ़ें- कानपुर में डिप्टी सीएम का विपक्ष पर तंज: जो श्रीराम व रामसेतु को नहीं मानते थे, अब उन्हें भगवान याद आने लगे, घंटा भी बजाएंगे