PM Modi देंगे कानपुर को बड़ी सौगात, 17 जुलाई को पनकीधाम अमृत भारत स्टेशन का यहां से करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से पनकीधाम, फतेहपुर और विंध्याचल अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। ...और पढ़ें
-1784050867521_m.webp)
पनकी धाम रेलवे स्टेशन । रेलवे
HighLights
17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से पनकीधाम, फतेहपुर और विंध्याचल स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे
पनकीधाम स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाएं और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं
अमृत भारत स्टेशन योजना से लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर एवं सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रयागराज मंडल के तीन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। हरियाणा के जींद से वे पनकीधाम, फतेहपुर और विंध्याचल स्टेशन को जनता को सौंपेंगे।
कानपुर के पनकी धाम स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है। स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाएं, आकर्षक भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्थाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र की धार्मिक और यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का होगा ठहराव
प्रयागराज रेल मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि पनकी धाम स्टेशन के विकसित होने से भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पनकीधाम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। वहीं भविष्य में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे कानपुर के पश्चिमी क्षेत्र के यात्रियों को कानपुर सेंट्रल पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
कार्यक्रम प्रसारण की तैयारी की जा रही
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित फतेहपुर और विंध्याचल स्टेशन भी यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव देंगे। पीआरओ ने बताया कि 17 जुलाई को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशनों पर कार्यक्रम के प्रसारण और स्थानीय आयोजन की भी व्यवस्था की जा रही है।
पनकीधाम स्टेशन पर 30 ट्रेनों के ठहराव की तैयारी
पनकी धाम रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में श्रम शक्ति एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस सहित 16 ट्रेनों का ठहराव है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दबाव कम करने के लिए पनकी धाम रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है और लोकार्पण के बाद यहां से 30 से अधिक ट्रेनों के ठहराव की तैयारी की जा रही है। भविष्य में इस स्टेशन को टर्मिनल के भी रूप में देखा जा रहा है।
खबरें और भी
यात्रियों को ये मिलेगी सुविधा
पनकीधाम स्टेशन पर डबल स्टोरी आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, विस्तारित एवं नए प्लेटफार्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था तथा उन्नत यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है। यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज तथा छह मीटर चौड़ा अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है, जिसमें रैंप और लिफ्ट जैसी दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। स्टेशन परिसर के लगभग 4,500 वर्गमीटर क्षेत्र को सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है, जहां अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, हरित क्षेत्र और बाधारहित आवागमन की व्यवस्था की गई है।