शेयर बाजार में यूपी के निवेशकों की संख्या 3 करोड़ के पार, देश में हासिल किया दूसरा स्थान
उत्तर प्रदेश ने शेयर बाजार में पंजीकृत निवेशकों की संख्या में तीन करोड़ का आंकड़ा पार कर देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक निवेशक पंजीकृत।
राज्य बना देश का दूसरा सबसे बड़ा निवेशक राज्य।
म्यूचुअल फंड निवेश 3.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक।
जागरण संवाददाता, कानपुर। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। बाम्बे स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में पंजीकृत निवेशकों की संख्या तीन करोड़ (3,00,08,912) का आंकड़ा पार कर गई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश तीन करोड़ निवेशकों का आंकड़ा पार करने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया है।
बीएसई से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र 4.36 करोड़ पंजीकृत निवेशकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि 2.25 करोड़ निवेशकों के साथ गुजरात तीसरे स्थान पर है। देशभर में पंजीकृत निवेशकों की कुल संख्या 25.58 करोड़ हो चुकी है, जिसमें उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 11.73 प्रतिशत है।
राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार और दिल्ली भी शीर्ष 10 राज्यों में शामिल हैं। आंकड़े बताते हैं कि पिछले एक वर्ष में उत्तर प्रदेश में 48.63 लाख नए निवेशक जुड़े हैं। वहीं, बीते तीन महीनों में 11.10 लाख और पिछले एक महीने में करीब चार लाख नए निवेशकों ने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में पंजीकरण कराया है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब बाजार में कई बार तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। म्यूचुअल फंड निवेश के मामले में भी प्रदेश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
म्युचुअल फंड निवेश भी बढ़ा
एसोसिएशन आफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) के नवीनतम आंकड़े भी शेयर बाजार पर निवेशकों के बढ़ते भरोसे को बयान कर रहे हैं। इसके अनुसार उत्तर प्रदेश के निवेशकों का म्यूचुअल फंड निवेश 3.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
खबरें और भी
प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, मेरठ, गोरखपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और झांसी देश के शीर्ष 100 म्यूचुअल फंड निवेशक शहरों में शामिल हैं। वहीं देवरिया, जौनपुर, बस्ती, बलिया, गोंडा, मिर्जापुर, गाजीपुर, सीतापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर और शाहजहांपुर जैसे जिलों में भी निवेशकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी में महिला उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा, UPSRLM और TATA पावर के बीच हुआ समझौता
निवेशकों की तस्वीर एक नजर में
- पहले स्थान पर: महाराष्ट्र (4.36 करोड़)
- दूसरे स्थान पर : यूपी कुल पंजीकृत निवेशक: 3,00,08,912
- तीसरे स्थान पर: गुजरात (2.25 करोड़)
- देश में कुल निवेशक: 25.58 करोड़
- यूपी की हिस्सेदारी: 11.73 प्रतिशत
- एक वर्ष में जुड़े नए निवेशक: 48.63 लाख
- पिछली तिमाही में जुड़े निवेशक: 11.10 लाख
- एक महीने में जुड़े निवेशक: करीब 4 लाख
- यूपी का म्यूचुअल फंड निवेश: 3.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक
प्रदेश में निवेशकों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि इस बात का संकेत है कि लोग अब पारंपरिक बचत के साथ-साथ शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड जैसे दीर्घकालिक निवेश विकल्पों को भी तेजी से अपना रहे हैं। वित्तीय साक्षरता बढ़ने, डिजिटल निवेश सुविधाओं के विस्तार और आनलाइन प्लेटफार्म की सुविधा ने इसे बढ़ावा दिया है। - राजीव सिंह, को- फाउंडर केश्री ब्रोकिंग
अभी तक लोग जमा खातों में ही निवेश करते हैं जिसमें फिक्स डिपाजिट योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्रापर्टी और सोना - चांदी निवेश का माध्यम रहा है। अब लोगाें को समझ में आने लगा है कि शेयर बाजार में निवेश करने से भी बेहतर कमाई की जा सकती है। यही वजह है कि बाजार के उतार - चढ़ाव के बावजूद लाेग बाजार में निवेश करने आ रहे हैं। - प्रदीप सिन्हा, शेयर बाजार एक्सपर्ट
शेयर बाजार में निवेश करना भी कारोबार जैसा ही है। देश व विदेश की आर्थिक गतिविधियों , समाचार पत्रों की खबरों पर ध्यान रखने के साथ निवेश करना ठीक रहता है। मैंने शुरुआत में नुकसान उठाया लेकिन जब एक्सपर्ट की सलाह ली तो सब ठीक हो गया। - उमंग अग्रवाल,