नाबालिग को बहलाकर ले जाने और मतांतरण के प्रयास में पांच गिरफ्तार, कानपुर देहात पुलिस ने की कार्रवाई
कानपुर देहात में किशोरी को बहलाकर ले जाने और मतांतरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

नाबालिग को बहलाकर ले जाने और मतांतरण के प्रयास में पांच गिरफ्तार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। मंगलपुर क्षेत्र से नाबालिग किशोरी को बहलाकर ले जाने और मतांतरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है और उसे परिवार के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र की एक महिला ने 22 जून को मंगलपुर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि झींझक के सुभाष नगर निवासी शाहिद और उसके भाई आरिफ उसकी नाबालिग पुत्री को 21 जून को बहलाकर अपने साथ ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलपुर पुलिस, सर्विलांस टीम और झींझक चौकी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर कार्रवाई करते हुए झींझक-रसूलाबाद मार्ग स्थित महाराजपुर मोड़ के पास से शाहिद, उसके भाई शाहरुख और वाहिद को किशोरी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ तथा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए आरोपितों के पिता शकील तथा रिश्तेदार कन्नौज जिले के बजरिया सिकाना निवासी फिरोज अली को मंगलपुर बंबे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपित झींझक और कन्नौज क्षेत्र के निवासी हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।
खबरें और भी
प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।