कानपुर देहात में हादसा, क्षमता आठ की और मैजिक में बैठाए 19 छात्र, स्कूल ले जाते वक्त खड्ड में पलटने से 16 घायल
कानपुर देहात में जैनपुर गांव के पास एक ओवरलोड मैजिक वैन पानी भरे खड्ड में पलट गई, जिसमें स्कूल जा रहे 19 बच्चों में से 16 घायल हो गए। तीन बच्चों की हा ...और पढ़ें

हादसे के बाद अभिभावकों के साथ सहमे हुए बच्चे व गड्ढे में पलटी मैजिक वाहन। जागरण
HighLights
कानपुर देहात में ओवरलोड स्कूल वैन खड्ड में पलटी।
हादसे में 16 बच्चे घायल, तीन की हालत गंभीर।
वाहन चालक फरार, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। जैनपुर गांव के पास सोमवार सुबह 19 बच्चों को स्कूल ले जा रही ओवरलोड मैजिक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे खड्ड में पलट गई। हादसे में 16 बच्चे घायल हो गए। तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद चालक भाग निकला। नाराज अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही व चालक के नशे में होने का आरोप लगा सड़क जाम कर हंगामा किया, जिससे वाहनों की कतार लग गई। पुलिस के समझाने पर लगभग 15 मिनट बाद लोग सड़क से हटे।
स्कूल प्रबंधक महादेव सिंह चौहान ने बताया कि स्कूल का नियमित वाहन खराब हो गया था। दूसरे वाहन के चालक ने रास्ते में बच्चों को बैठा लिया, जिसके कारण बच्चों की संख्या अधिक हो गई। उन्होंने चालक के नशे में होने के आरोप बेबुनियाद बताए।
एआरटीओ प्रवर्तन रोहित राजपूत ने बताया कि मैजिक वाहन की क्षमता आठ लोगों की है। वाहन को सीज कर दिया गया है। स्कूल संचालक को नोटिस देकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में डीआइओएस को भी पत्र भेजा जा रहा है।
खबरें और भी
सुबह करीब 7:30 बजे राजपुर स्थित न्यू लाइट एजुकेशन सेंटर के बच्चों को लेकर मैजिक वाहन स्कूल जा रहा था। घायलों ने बताया कि संकट मोचन मंदिर के सामने चालक वाहन चलाते समय पीछे देखने लगा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया। खड्ड में कम पानी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। पानी अधिक होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
हादसे में घायल अयांश पाल, अदिति यादव व सनी की हालत गंभीर होने के कारण उनको मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अधिकांश बच्चों के सिर, हाथ, पैर और कंधे में चोटें आई हैं। राजपुर थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।