कानपुर देहात में मजदूर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, ट्रैक पार करने के दौरान हुआ हादसा
कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पार करते समय एक मजदूर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
झींझक रेलवे स्टेशन पर मजदूर ट्रेन की चपेट में आया।
छोटे बेटे के कपड़े लेकर लौटते समय हुआ यह हादसा।
झारखंड निवासी संस्क्रति लोहरा की मौके पर मौत।
संवाद सहयोगी, कानपुर देहात। झींझक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम रेलवे ट्रैक पार करते समय झारखंड निवासी एक मजदूर ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने छोटे बेटे के कपड़े लेकर प्लेटफॉर्म पर लौट रहा था। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान झारखंड के रांची जिले के पुरीयों गांव निवासी 50 वर्षीय संस्क्रति लोहरा के रूप में हुई है। वह डेरापुर क्षेत्र के परौंख स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार को उसे कानपुर के पनकी में नया काम मिला था। वहां जाने के लिए देर शाम वह पत्नी दुलारी देवी, बेटे शिवा, शशि और छोटे बेटे के साथ झींझक रेलवे स्टेशन पहुंचा था जहां परिवार पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
छोटा बेटा बाल-बाल बचा
शाम करीब साढ़े सात बजे संस्क्रति छोटे बेटे के कपड़े लेने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी ओर गया। वापस डाउन प्लेटफॉर्म की ओर लौटते समय वह कानपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका छोटा बेटा बाल-बाल बच गया।
सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने बताया कि मृतक के पास से यात्रा टिकट बरामद हुआ है कार्रवाई की जा रही है।