विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आखिर कहां से आ रहे 200 और 500 रुपये के नकली नोट? उत्तराखंंड में सप्लाई देने से पहले कासगंज में 2 गिरफ्तार  

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:39 AM (IST)

कासगंज में सोरों पुलिस और एसओजी ने एक लाख रुपये के नकली नोटों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कासगंज में एक लाख रुपये के नकली नोट बरामद।

  2. सोरों पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को किया गिरफ्तार।

  3. उत्तराखंड में होनी थी नकली नोटों की आपूर्ति।

जागरण संवाददाता, कासगंज। सोरों थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नकली भारतीय करेंसी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 500 रुपये के 200 नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों की कुल कीमत एक लाख रुपये है।  

पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। आरोपितों का खासा अपराधिक इतिहास है। नकली नोटों की आपूर्ति उत्तराखंड के कृछ आरोपितों को दी जानी थी।

500 रुपये के 200 जाली नोट बरामद

गुरुवार आधी रात के बाद 2:10 बजे मेला ग्राउंड के पास सोरों कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों आरोपितों को पकड़ा गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब उनकी तलाशी ली तो 500-500 रुपये के 200 जाली नोट मिले। उनकी पहचान बदायूं के थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम सिकंदराबाद निवासी रूपकिशोर उर्फ राजू और कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र के भगवंतपुर निवासी गोविंद के रूप में हुई है।

गैंगस्टर एक्ट सहित 12 मुकदमे हैं दर्ज

पुलिस ने दोनों के खिलाफ सोरों थाने में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, रूपकिशोर उर्फ राजू के खिलाफ बदायूं, संभल और अलीगढ़ जनपदों में हत्या, चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपियों का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

नकली नोट कहां से लाए जाते थे और कहां खपाए जाते थे पुलिस आरोपितों द्वारा साथियों के बताए गए नाम पतों की जांच कर रही है। हालांकि यह माना जा रहा है कि आरोपितों का बड़ा नेटवर्क है। जिसे पुलिस खंगाल रही है। आरोपितों के बारे में यह भी पता चला है कि वे अपने गांव दो महीने से गए इसके बाद नहीं गए। आरोपितों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।

उत्तराखंड के आरोपितों को देनी थी आपूर्ति

आरोपितों ने पुलिस के समक्ष कबूला है कि उत्तराखंड के कुछ आरोपित कार से मेला ग्राउंड आने वाले थे उन्हें नकली नोट देने थे मगर उससे पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया। उत्तराखंड के आरोपितों को संभवत: पुलिस कार्रवाई का शक हो गया इसलिए वे नहीं आए या फिर भाग गए।

यह भी पढ़ें- School Closed: नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल आज बंद, भारी बारिश के अलर्ट के चलते आगरा DM ने दिया छुट्टी का आदेश

यह भी पढ़ें- Uttarakhand weather: आज उत्तरकाशी-हरिद्वार सहित 8 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, पिथौरागढ़ के स्कूल बंद

मुखबिर की सूचना और जांच के आधार पर एसओजी के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। दोनों आरोपितों के कब्जे से 500 रुपये के 200 नकली नोट बरामद हुए हैं। आरोपितों से पूछताछ कर नकली करेंसी के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पकड़े गए आरोपित उत्तराखंड के आरोपितों को आपूर्ति देने वाले थे उससे पहले पकड़े गए।

-

लोकेश भाटी, प्रभारी निरीक्षक, सोरों