कासगंज: छात्रा के आत्महत्या मामले में कस्तूरबा गांधी स्कूल की प्रधानाचार्य, वार्डन और चपरासी पर FIR, जांच शुरू
छात्रा अनन्या मिश्रा की आत्महत्या के मामले में कासगंज पुलिस ने प्रधानाचार्या, वार्डन और चपरासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्रा अनन्या मिश्रा की मौत।
प्रधानाचार्या, वार्डन, चपरासी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, कासगंज। सिढपुरा क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्चीकृत विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा अनन्या मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने स्वजन की तहरीर पर शनिवार को चपरासी, कॉलेज की प्रधानाचार्या और वार्डन के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने सहित अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
छात्रा के पिता निर्दोष कुमार मिश्रा अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिद्दपुर ने आरोप लगाया है कि उनकी 16 वर्षीय बेटी अनन्या मिश्रा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में रहकर पार्वती राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, सिढपुरा में कक्षा 10 की पढ़ाई कर रही थी। 29 जुलाई को विद्यालय के कर्मचारी अनुज ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर स्वजन विद्यालय पहुंचे, जहां छात्रा का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। उस समय प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर मौजूद थी।
तहरीर में आरोप है कि पार्वती इंटर कॉलेज के चपरासी निखिल पुत्र मनोज निवासी गांव बाजीपुर सिढ़पुरा कासगंज छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता था। उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसकी जानकारी विद्यालय की पार्वती इंटर कॉलेज सिढ़पुरा की प्रधानाचार्या जयवंती शुक्ला और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सिढ़पुरा की वार्डन राधा को भी थी।
आरोप है कि इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और छात्रा को डांट-फटकार कर अपमानित किया गया। इससे वह मानसिक रूप से आहत हो गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने एक अगस्त को प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप मलिक का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। साक्ष्यों और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।