Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कासगंज: कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्रा का शव फंदे पर मिला, आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 03:43 PM (IST)

    कासगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉ ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्रा का शव फंदे पर मिला

    2. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की

    3. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आत्महत्या के कारणों की तलाश

    जागरण संवाददाता, कासगंज। थाना सिढपुरा कस्बे के अमांपुर रोड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बुधवार सुबह एक छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिलने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

    फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हर पहलू पर जांच शुरू कर दी है। स्वजन का रो रोकर बुरा हाल है।

    kasganj std small

    छात्रा की फाइल फोटो।

    कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची वार्डन, बेड के ऊपर पंखे से लटका मिला शव

    अमांपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी (16) अनन्या मिश्रा पुत्री निर्दोष मिश्रा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अमांपुर रोड सिढपुरा में कक्षा दस की छात्रा थी। वह छात्रावास के कमरा नंबर-14 में रहने वाली अपनी तीन अन्य सहपाठियों प्राची, नीति और राजेश्वरी के साथ रहती थी। बुधवार सुबह विद्यालय में उपस्थिति के दौरान उसकी तीनों सहपाठियां कक्षा में पहुंच गईं, जबकि अनन्या अनुपस्थित मिली। काफी देर तक उसके नहीं आने पर वार्डन छात्रावास पहुंचीं।

    यह भी पढ़ें- आसमान में दिखाई देगा शानदार नजारा: पृथ्वी के करीब आएगा धूमकेतु टेम्पल 2, दो अगस्त को देख सकेंगे

    कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बेड के ऊपर लगे पंखे से अनन्या का शव फंदे पर लटका मिला।

    यह भी पढ़ें- बरेली-बदायूं बस यात्रा सावन में होगी महंगी: डायवर्जन के दौरान 50 की जगह 105 KM का सफर, किराया 161 रुपये

    घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। छात्रा के स्वजन को भी सूचना दे दी गई है।

    आत्मघाती कदम के कारणों की तलाश जारी

    प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि छात्रा द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विद्यालय प्रशासन, छात्राओं और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पटियाली सीओ अमित कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय परिसर में घटना के बाद शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

    खबरें और भी