नीचे नदी ऊपर हजारा नहर: 2.5 करोड़ रु से संवरेगा ऐतिहासिक नदरई झाल का पुल, दिसंबर तक बनेगा पर्यटन केंद्र
कासगंज के ऐतिहासिक नदरई एक्वाडक्ट (झाल का पुल) के संरक्षण, मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य 2.5 करोड़ रुपये की लागत ...और पढ़ें

झाल के पुल पर नीचे काली नदी और ऊपर हजारा नहर बहती हुई की तस्वीर। जागरण
HighLights
नदरई एक्वाडक्ट का 2.5 करोड़ रुपये से होगा संरक्षण और सौंदर्यीकरण।
दिसंबर तक कार्य पूरा कर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
कमजोर संरचना की मरम्मत और पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
जागरण संवाददाता, कासगंज। शहर के समीप स्थित ऐतिहासिक नदरई एक्वाडक्ट (झाल का पुल) के संरक्षण, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। सिंचाई विभाग के नरौरा खंड ने करीब ढाई करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू करा दिया है। मैसर्स यूनाइटेड एंटरप्राइजेज को दिसंबर माह तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। कार्यदायी संस्था ने मौके पर काम शुरू कर दिया है।
परियोजना के तहत एक्वाडक्ट की कमजोर और क्षतिग्रस्त संरचना की आवश्यक मरम्मत कर उसे मजबूत किया जाएगा। पुल की सुरक्षा से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र को पर्यटकों के अनुकूल विकसित करने की योजना है। पर्यटकों के बैठने, घूमने और मनोरंजन के लिए सुविधाएं विकसित करने के साथ मनोरंजन पार्क समेत अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

कार्यदायी संस्था द्धारा झाल के पुल पर कराए जा रहे निर्माण कार्य की तस्वीर। जागरण
झाल के पुल की मरम्मत के साथ विकसित होंगी पर्यटक सुविधाएं
नदरई एक्वाडक्ट ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सिंचाई संरचना है। यह काली नदी और गंगा नहर के जल प्रवाह से जुड़ा रहा है। लंबे समय से इसकी मरम्मत और संरक्षण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब परियोजना के शुरू होने से एक्वाडक्ट के पुराने स्वरूप को सुरक्षित रखने के साथ क्षेत्र को विकसित करने की उम्मीद जगी है।
सीएम की घोषणा के बाद तेज हुई प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने 20 मई 2025 को कासगंज दौरे के दौरान नदरई एक्वाडक्ट के सौंदर्यीकरण की घोषणा की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के साथ प्रक्रिया आगे बढ़ाई। पर्यटन विभाग को भी प्रस्ताव भेजा गया था। अब सिंचाई विभाग की ओर से मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आसपास के क्षेत्र के विकास से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
नदरई एक्वाडक्ट के संरक्षण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें पुल की आवश्यक मरम्मत के साथ आसपास के क्षेत्र का विकास भी शामिल है। शासन से स्वीकृति और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया गया है। दिसंबर माह तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हरवीर सिंह, एई, सिंचाई विभाग
नदरई एक्वाडक्ट ऐतिहासिक महत्व की संरचना है। लंबे समय से इसके संरक्षण और मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही थी। यदि यहां साफ-सफाई, बैठने और अन्य सुविधाएं विकसित होती हैं तो स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
राहुल राजपूत, सदर विधायक प्रतिनिधि, कासगंज
