कौशांबी में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
कौशांबी के कोखराज क्षेत्र में रसूलपुर गेरसा चौराहे के पास एक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार पिता बुधराम (55) और उनके ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कौशांबी में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई।
हादसे में पिता बुधराम और बेटे अरविंद की मौत।
एक रिश्तेदार गंभीर घायल, प्रयागराज रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। कोखराज क्षेत्र के रसूलपुर गेरसा चौराहा के समीप मंगलवार की शाम तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना में साथ रहे रिश्तेदार की हालत नाजुक है।
जख्मी किशोर को प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना से स्वजन में कोहराम है। पुलिस ने दिवंगत पिता-पुत्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोखराज क्षेत्र के सांई का पुरवा निवासी 55 वर्षीय बुधराम पुत्र छेदीलाल किसानी करते थे। इन दिनों उनकी तबीयत खराब चल रही थी। मंगलवार की शाम वह अपने 25 वर्षीय बेटे अरविंद व रिश्तेदार 14 वर्षीय सोनू पुत्र परशू निवासी हजारी तारा थाना कोखराज के साथ दवा लेने भरवारी गए थे।
तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। रसूलपुर गेरसा चौराहा के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए। दुर्घटना देख आसपास रहे लोग मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने बुधराम व उसके बेटे अरविंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि, रिश्तेदार सोनू को प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना की जानकारी होने पर स्वजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी चंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से घायल होकर सड़क पर गिरे युवक को दूसरी कार ने रौंदा, मची चीख-पुकार