कौशांबी में पिता ने अपने ही मासूम बेटे का क्यों किया अपहरण? नाना के साथ बाइक से जा रहा था स्कूल, 3 घंटे में बरामद
कौशांबी में एक पिता ने अपने ही बेटे का अपहरण कर लिया, जब वह अपने नाना के साथ स्कूल जा रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घंटे के भीतर बच्चे को उस ...और पढ़ें

कौशांबी के कोखराज निवासी मासूम अब्दुल्ला, जिसका अपहरण किया गया था।
HighLights
कोखराज थाने के समीप कार में साथियों संग पिता ने वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने पिता के घर से किया बरामद, बालक के माता-पिता का हो चुका है तलाश
मासूम बालक अब्दुल्ला के मामा ने बताया- दानिश के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
संसू, जागरण, कोखराज (कौशांबी)। जनपद में अपहरण की अनोखी वारदात देखने को मिली। एक व्यक्ति ने अपने ही बेटे का साथियों के साथ कार में अपहरण कर लियाद्ध यह वारदात उसने अपने ससुर यानी मासूम के नाना की आंख के सामने किया। सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई पुलिस ने तीन घंटे बाद ही घटना का पटाक्षेप कर दिया। पुलिस को मासूम उसके पिता के घर में मिला।
एलकेजी का छात्र है अब्दुल्ला
यह घटना तब हुई जब अपने नाना के साथ बाइक से गुरुवार सुबह एलकेजी का छात्र स्कूल जा रहा था। उसे कार सवारों ने अगवा कर लिया। बताया जाता है कि अगवा बालक के माता-पिता के बीच आपसी रजामंदी से तलाक हो चुका है। मां की तरफ से अदालत में उत्पीड़न व भरण-पोषण का मुकदमा विचाराधीन है।
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना
कोखराज क्षेत्र के बघेलापुर निवासी सैफुलखला उर्फ गुड्डू ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी निशात फात्मा उर्फ महबिस की शादी करीब 10 साल पहले प्रयागराज शहर के शिवकुटी इलाके के मेंहदौरी कालोनी निवासी सोयब अली उर्फ दानिश के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही दामाद व उसके स्वजन दहेज की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करने लगे।
पति ने पत्नी को मायके छोड़ दिया
इस दौरान दंपती को बेटा अब्दुल्ला हुआ। आरोप के अनुसार अब्दुल्ला जब चार माह का था तो दामाद बेटी व नाती अब्दुल्ला को घर (मायके) छोड़कर चला गया। दानिश ने मौखिक तलाक भी ले लिया। दहेज उत्पीड़न का मुकदमा अदालत में विचाराधीन है।
खबरें और भी
कार सवार लोग पता पूछने के बहाने बाइक रुकवाई
गुड्डू के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे वह अब्दुल्ला को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। कोखराज थाने से करीब आधा किलोमीटर दूर लाटपुर के समीप पहुंचे थे कि स्विफ्ट कार सवार चार लोगों ने सरायअकिल का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। रास्ता बताने के लिए उन्होंने बाइक रोकी तो कार में बैठे दानिश व उसके साथियों ने अब्दुल्ला को गाड़ी में भर लिया व प्रयागराज की ओर भाग निकले।
बालक की बरामदगी को पुलिस की दो टीम लगी
गुड्डू ने घटना की जानकारी डायल-112 व थाना पुलिस को दी। इसे लेकर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने तत्काल दो टीमों का गठन कर बालक की सकुशल बरामदगी का आदेश दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस टीमों ने महज तीन घंटे में अबदुल्ला को उसके पिता के घर प्रयागराज के मेंहदौरी कालोनी से सकुशल बरामद कर लिया है।
दानिश के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
बालक अबदुल्ला के मामा कौशनेन ने बताया कि बहनोई ने करीब आठ साल पहले बहन को तलाक दे दिया। इसके बाद से बहन व भांजा उसी के पास रहते हैं। पिता ईंट-भट्ठा संचालक हैं, जबकि बहनोई दानिश कुछ नहीं करता। दानिश जिस घर में रहता है, उसमें कई किराएदार हैं। किराएदारी के पैसे से ही उसका खर्च चलता है। इसके अलावा जानलेवा हमले सहित कई मुकदमे भी उसके ऊपर हैं।
कोखराज पुलिस को गुरुवार सुबह एक बालक के अगवा कर लिए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल पुलिस की दो टीमों का गठन कर बालक की सकुशल बरामद करने को कहा गया। बालक अपने पिता के यहां से बरामद हुआ है। पता चला कि बालक के माता-पिता के बीच तलाक हो चुका है। मुकदमा भी कोर्ट में विचाराधीन है। बालक के नाना ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- सत्य नारायण प्रजापत, एसपी।