कौशांबी में पुरानी रंजिश को लेकर तमंचे से फायरिंग, गोलियां लगने से तीन युवक घायल; एक की हालत गंभीर
कौशांबी के सराय अकिल में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने गांव में फोर्स तैनात कर हमल ...और पढ़ें

कौशांबी में सराय अकिल के कनैली में फायरिंग में तीन युवक घायल हुए।
HighLights
सराय अकिल के कनैली में घटना, घायल एसआरएन अस्पताल में भर्ती
गांव में फोर्स तैनात, आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की तीन टीमें लगीं
जागरण संवाददाता, कौशांबी। सराय अकिल क्षेत्र के कनैली चौराहे के पास रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग में तीन युवक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है। एक युवक के पेट में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में फोर्स तैनात है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
देर रात चाय की दुकान पर बैठे थे
कनैली निवासी 25 वर्षीय सूरज पुत्र कल्लू सिंह, 32 वर्षीय पुत्र धर्मराज सिंह अपने साथी 20 वर्षीय अनुराग पुत्र तुलसी सिंह, निवासी चौखड़ा (मध्य प्रदेश) के साथ रविवार 19 जुलाई की रात कनैली चौराहा स्थित एक दुकान पर बैठे थे। आरोप के अनुसार इसी दौरान कनैली निवासी गुलशन त्रिपाठी साथियो के साथ पहुंचा व फायरिंग करने लगा। गोली लगने से तीनो युवक जख्मी हो गए। इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सक ने सभी की हालत नाजुक देख प्रयागराज रेफर कर दिया ।
10 दिन पूर्व हुआ था विवाद
बताया गया कि करीब 10 दिन पहले गंगा स्नान के दौरान गुलशन और गोलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित जेल गया था। हाल ही में जेल से छूटकर आने के बाद रविवार रात कनैली चौराहे के पास दोनों पक्षों का फिर आमना-सामना हुआ। मामूली कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपित ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे तीनों युवक गोली लगने से घायल हो गए।
आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम लगी
इस संबंध में सीओ चायल शिवांक सिंह का कहना है गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। घायलों का बेहतर उपचार कराया जा रहा है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।