कौशांबी में दर्दनाक घटना : बारिश के बीच कच्चा घर ढहा, मलबे में दबकर पांच वर्षीय बालिका की मौत व कुछ चोटिल
कौशांबी के जमुनापुर गांव में बारिश के कारण एक कच्चा घर ढह गया, जिससे मलबे में दबकर पांच वर्षीय बालिका प्रिया की मौत हो गई। हादसे में परिवार के अन्य सद ...और पढ़ें

महेवाघाट थाना क्षेत्र के जमुनापुर गांव में गिरे कच्चे घर का अवलोकन करते पुलिसकर्मी।
HighLights
हादसे के समय घर में परिवार के अन्य लोग भी थे
महेवाघाट थाना क्षेत्र के जमुनापुर गांव की घटना
जागरण संवाददाता, कौशांबी। महेवाघाट थाना क्षेत्र के जमुनापुर गांव में मंगलवार सुबह खपरैलनुमा घर अचानक भरभराकर ढह गया। उसके मलबे में दबकर पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, वहीं अन्य कुछ स्वजन भी चोटिल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
हादसे के दौरान घर में थे स्वजन
जमुनापुर गांव निवासी पंकज निषाद किसान हैं। उनका मकान कच्ची ईंट, गारे और खपरैल से बना था। मंगलवार को अचानक मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। मकान गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़ पड़े। मलबे में दबने से पंकज निषाद की पांच वर्षीय पुत्री प्रिया की गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों का इलाज कराया
प्रिया परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। पंकज निषाद के तीन बच्चे हैं। इनमें एक बेटी और दो बेटे हैं। हादसे में अन्य स्वजन को भी गंभीर चोटें आईं, जिनका उपचार कराया गया। सूचना पर महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजस्व टीम ने नुकसान का आकलन किया
उधर हादसे की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी वहां पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। गांव के लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से जर्जर हो चुका कच्चा मकान गिरने से यह हादसा हुआ।