कौशांबी में पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक 33 हजार KVA बिजली टॉवर पर चढ़ा, चार घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
कौशांबी में एक युवक अपनी पत्नी के मायके जाने और तुरंत वापस न आने से नाराज होकर 33 हजार KVA ...और पढ़ें

एयरपोर्ट क्षेत्र के गांजा गांव में बिजली टॉवर पर चढ़ा युवक। जागरण
HighLights
एयरपोर्ट क्षेत्र के गांजा गांव का मामला, रक्षाबंधन पर पत्नी मायके गई थी
पुलिस ने मायके से पत्नी को बुलाने का आश्वासन दिया तब नीचे उतरा
संसू, जागरण, चायल (कौशांबी)। रक्षाबंधन पर मायके गई पत्नी को बुलाने के लिए एक युवक ने बिजली के टवर पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा किया। युवक के 33 हजार केवीए के टॉवर पर चढ़े होने की जानकारी पर पहुंची पुलिस व स्वजन ने करीब चार घंटे तक मान-मनौव्वल कर पत्नी को बुलाने का आश्वासन देकर नीचे उतारा। युवक के इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही।
पिपरी क्षेत्र के मखदूमपुर निवासी अनूप पुत्र माझिल की शादी सात साल पहले प्रयागराज के लालापुर क्षेत्र के बड़गोहना निवासी गुड्डी देवी के साथ हुई थी। स्वजन के मुताबिक रक्षाबंधन पर गुड्डी अपने भाई को राखी बांधने मायके गई थी। रविवार सुबह अनूप ने फोन पर पत्नी से बात की और वापस घर आने को कहा। पत्नी ने कुछ दिन बाद आने की बात कही। यह बात अनूप को नागवार गुजरी।
पत्नी के वापस नहीं आने से खफा अनूप रविवार सुबह करीब 10 बजे एयरपोर्ट क्षेत्र के गांजा गांव पहुंचा और वहां लगे 33 हजार केवीए के बिजली टॉवर पर चढ़ गया। काफी ऊंचाई पर पहुंचने पर वह पत्नी को वापस बुलाने के लिए शोर मचाने लगा। लोगों ने यह नजारा देखा तो पुलिस और उसके स्वजन को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस के साथ ही अनूप के परिवार के लोग उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाती रही, लेकिन वह पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने उसकी पत्नी गुड्डी से फोन पर बात की और उसे ससुराल आने के लिए राजी किया। इसके बाद पुलिस ने अनूप को पत्नी के आने का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने पर वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया। ग्राम प्रधान दया सिंह ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी के बाद अनूप को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया।
