प्रयागराज से कानपुर तक भागदौड़, फिर भी नहीं पता चला 'वो' कौन थी? बाक्स में मिली महिला की लाश का रहस्य बरकरार
कौशांबी के कोखराज इलाके में कानपुर-वाराणसी हाईवे पर 15 अप्रैल को एक बाक्स में मिली महिला के शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने प्रयागराज से क ...और पढ़ें

कौशांबी के कोखराज में मिला महिला का शव। सौ. पुलिस
HighLights
कानपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे पर कौशांबी के कोखराज इलाके में 15 अप्रैल को मिला था शव
हाईवे किनारे लगे करीब 100 सीसीटीवी की फुटेज पुलिस ने खंगाला पर कातिल तक नहीं पहुंच सकी
जागरण संवाददाता, कौशांबी। कानपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे पर कोखराज क्षेत्र के चकिया गांव के समीप 15 अप्रैल की शाम बाक्स में भरकर फेंके गए महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रयागराज से लेकर कानपुर तक हाईवे के किनारे लगे सौ से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस कातिल तक पहुंचना तो दूर, यह भी पता नहीं लगा सकी कि आखिर महिला कौन थी? अब पुलिस ने प्रकरण में चुप्पी साध ली है।
कार सवार लोहे का बाक्स फेंककर भाग निकले थे
मामले के राजफाश के लिए गठित पुलिस टीमों की अब तक की कवायद क्या रही, इसे गोपनीय मामला बताकर चुप्पी साधी जा रही है। चकिया गांव के समीप 15 अप्रैल की शाम कानपुर की तरफ से आए कार सवार एक लोहे का बाक्स फेंककर भाग निकले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाक्स खोला तो उसमें 30 वर्षीय महिला का शव मिला।
राजफाश को पुलिस की तीन टीमें लगी हैं
महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत की पुष्टि हुई। एसपी सत्यनारायण प्रजापत के आदेश पर सीओ सिराथू सत्येंद्र कुमार तिवारी की अगुवाई में तीन टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने शुरूआती दौर में तेजी दिखाते हुए कानपुर से प्रयागराज तक हाईवे किनारे लगे सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे लेकिन न तो महिला के शव की शिनाख्त हो सकी व ही कातिल के बाबत कुछ क्लू मिल सका।
पुलिस की सारी कवायद काम नहीं कर रही
आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी पड़ताल कराई गई। इंटरनेट मीडिया पर महिला की तस्वीरें प्रसारित कराई गईं, लेकिन शिनाख्त कराने की दिशा में चल रहीं यह सारी कवायद फेल नजर आई। कुल मिलाकर जिम्मेदार अब इस प्रकरण में कुछ बोलने से बच रहें हैं। मामला गोपनीय बताकर सटीक जवाब नहीं दिया जा रहा है।
खबरें और भी
महिला की शिनाख्त के प्रमुख आधार
पुलिस विभाग की तरफ से महिला के शव की शिनाख्त कराने के लिए जो प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, उसमें मृतका की उम्र 30 वर्ष बताई गई। रंग गोरा व चेहरा गोल, कद लगभग पांच फीट एक इंच था। मृतका के बाएं हाथ पर “जीव” नाम का टैटू था। जीव के आगे सूरज की आकृति बनी थी। हाथ पर गणेश जी व बिच्छू का टैटू था। इसके अलावा महिला के शरीर पर बैगनी-सफेद छीटदार कुर्ती (टाप), नीला-सफेद प्रिंटेड ट्राउजर मिला था।
महिला के शव की शिनाख्त के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रहीं हैं। सौ से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज देखे जा चुके हैं। कुछ मामला गोपनीय होता है। इसे बताया नहीं जा सकता।
- सत्येंद्र तिवारी, डीएसपी सिराथू
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में हिरासत से फरार पाक्सो एक्ट का आरोपित प्रतापगढ़ पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गाेली
यह भी पढ़ें- नवैयत बदल कर बेच दी तालाब की बेशकीमती जमीन, चार-पांच बार खरीद-फरोख्त हुई; प्रयागराज के अफसर बेखबर