जिसकी हत्या के आरोप में पति काट रहा सजा वह जिंदा मिली, मौसेरे भाई संग दिल्ली में थी; कौशांबी में खौफनाक साजिश का अंत
कौशांबी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिस महिला की हत्या के आरोप में पति जेल में है, वह अपने मौसेरे भाई के साथ दिल्ली में मिली। महिला के माय ...और पढ़ें

कौशांबी में जिस महिला की हत्या के आरोप में पति जेल में है, वह मिल गई है।
HighLights
पारिवारिक विवाद में महिला की हत्या कर शव गायब करने का पति पर आरोप
महेवाघाट थाना क्षेत्र के अलवारा गांव में पारिवारिक विवाद में की गई थी साजिश
विवाहिता के पिता समेत चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पिता-पुत्र गिरफ्तार
जागरण संवाददाता कौशांबी। महेवाघाट क्षेत्र के अलवारा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर हुए खौफनाक घटनाक्रम का हैरतअंगेज राजफाश हुआ है। जिस महिला की हत्या कर शव गायब करने के आरोप में पति जेल में है, वह अपने मौसेरे भाई के साथ दिल्ली में मिली।
विवाहिता का कोर्ट में बयान दर्ज
इसकी जानकारी होने के बाद पीड़ित ससुर ने बहू के पिता समेत चार के खिलाफ साजिश रचने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम कराया है। पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर विवाहिता का कोर्ट के समझ बयान कराया है।
बहू के घरवाले फर्जी केस में फंसाने की देते थे धमकी
महेवाघाट क्षेत्र के अलवारा निवासी योगेंद्र तिवारी ने बताया कि बेटे राजू तिवारी की शादी वर्ष 2016 में सदर कोतवाली क्षेत्र के टेवां निवासी शारदा मिश्रा की बेटी अंकिता तिवारी से की है। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार ठीक नहीं था और वह मनमानी करती थी। शिकायत करने पर मायके पक्ष के लोग उल्टा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते थे।
अक्सर मायके रहती थी बहू
योगेंद्र तिवारी के मुताबिक वर्ष 2024 में बहू अपने मौसी के बेटे रामू उर्फ संकल्प मिश्रा निवासी परसिद्धपुर थाना धाता जनपद फतेहपुर के साथ बिना बताए दिल्ली चली गई। इसे लेकर रिश्तेदारों की मध्यस्थता से समझौता कराया गया। बहू अक्सर अपने मायके में रहती थी। कभी-कभी ससुराल आने के बाद भी उसका रवैया ठीक नहीं था।
खबरें और भी
अंकिता की हत्या कर शव गायब करने का केस
21 जनवरी 2026 को बहू बिना बताए घर से कहीं चली गई। इस बार वह अपने साथ जेवर व नकदी भी ले गई। बहू के मायके वालों की सहमति पर बेटे ने 22 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस बहू की खोजबीन कर रही थी तभी मायके पक्ष ने साजिश करते हुए 20 फरवरी 2026 योगेंद्र तिवारी, बेटे, बेटी व अन्य ससुरालीजन के खिलाफ अंकिता की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा कायम करा दिया।
निर्दोष राजू ने कोर्ट में सरेंडर किया
गिरफ्तारी के डर से पूरा परिवार घर में तालाबंद कर पलायन किए हुए हैं। पुलिस के दबाव बनाने पर निर्दोष बेटे राजू तिवारी ने 27 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया व तब से अभी तक जेल में हैं। योगेंद्र तिवारी का कहना है कि अब बहू के दिल्ली में रामू मिश्रा के किराए के भवन से बरामद हुई है।
बेटे के ससुरालवालों पर दर्ज कराया केस
इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने महेवाघाट थाने में शारधा मिश्रा, बेटे के साले गोपाल मिश्रा, मौसेरे भाई रामू उर्फ संकल्प मिश्रा व सैनी के रामपुर धमावां निवासी रिश्तेदार वरुण त्रिपाठी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा कायम कर आरोपित शारधा व उसके बेटे गोपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
विवाहिता को छिपाकर रखा गया : थाना प्रभारी
महेवाघाट थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह का कहना है कि विवाहिता के लापता होने के बाद घटना की सच्चाई को उसके मायके पक्ष के लोगों ने छिपाकर रखा। साथ ही गंभीर मामले की झूठी तहरीर देकर एक बेकुसूर को जेल भिजवाया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। विवाहिता को बरामद करने के बाद कोर्ट में बयान व मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई कराई जा रही है। घटना में आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।