प्रयागराज में दबिश देने जा रही पुलिस की प्राइवेट गाड़ी पलटी, तीन दारोगा और एक महिला सिपाही घायल
प्रयागराज के रसूलाबाद में दबिश देने जा रही पुलिस की प्राइवेट गाड़ी पलटने से तीन दारोगा और एक महिला सिपाही घायल हो गए। रास्ते में सांड़ को बचाने के चक् ...और पढ़ें

दबिश देने जा रही पुलिस का निजी वाहन डिवाइडर से टकरा गया, चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
HighLights
मार्ग पर अचानक आए सांड़ को बचाने में डिवाइडर से टकराया वाहन
शहर के रसूलाबाद इलाके में हादसा, एसआरएन अस्पताल में घायल भर्ती
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दबिश देने जा रही पुलिस की प्राइवेट गाड़ी मंगलवार सुबह रसूलाबाद क्षेत्र में पलट गई। इससे वाहन में सवार तीन दारोगा और एक महिला सिपाही जख्मी हो गए। उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभियुक्त की लोकेशन पर दबिश देने जा रही थी पुलिस
बताया गया कि नैनी थाने में दर्ज एक मुकदमे से जुड़े अभियुक्त की पुलिस को तलाश है। मंगलवार की भोर में उसकी लोकेशन शिवकुटी थाना क्षेत्र के रसूलाबाद में मिली। उसे पकड़ने के लिए नैनी थाने के तीन दारोगा और एक महिला सिपाही की टीम प्राइवेट गाड़ी से दबिश देने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सांड़ आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और फिर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे खलबली मच गई।
एसआरएन अस्पताल में पुलिसकर्मियों को भर्ती कराया
आसपास के जुटे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन सभी घायलों को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि किसी की हालत चिंताजनक नहीं है। डीसीपी यमुनानगर विवेक यादव का कहना है कि गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी थी, जिससे चार पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं।