हाटा विधानसभा के विधायक मोहन वर्मा का रिपोर्ट कार्ड, विकास की रफ्तार और जनसमस्याओं की दरकार
हाटा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, फ्लाईओवरों और भवनों के निर्माण जैसे कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल और खेल सुविधाओं जैसी कुछ म ...और पढ़ें

मोहन वर्मा, विधायक। जागरण
HighLights
हाटा में 46 करोड़ के दो फ्लाईओवरों का निर्माण जारी।
स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, खेल स्टेडियम जैसी सुविधाएं अधूरी।
विधायक मोहन वर्मा ने 500 करोड़ के विकास का दावा किया।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। हाटा विधानसभा क्षेत्र में विकास की गतिविधियां तो दिखाई देती हैं, लेकिन जन समस्याओं के समाधान की आवश्यकता भी स्पष्ट है। भाजपा विधायक ने समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए हैं, लेकिन मंजिल तक पहुंचने की कसक बनी हुई है।
क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार और धार्मिक स्थलों के विकास का कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार की एनएचआइ द्वारा हाटा में हाईवे पर 46 करोड़ रुपये की लागत से दो फ्लाई ओवरों का निर्माण जारी है। इनके पूरा होने से हाटा की आवागमन की स्थिति में सुधार होगा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
हाटा में 232.07 लाख रुपये की लागत से सीएचसी भवन और कस्तूरबा बालिका विद्यालय का नया भवन भी बनकर तैयार हुआ है। भलुहा स्थित आइटीआइ कालेज को ढाई करोड़ रुपये मिलने से शिक्षण कार्य में सुधार आया है।
21 करोड़ रुपये की लागत से पगरा-रामनगर मार्ग का चौड़ीकरण और हाटा-देवरिया मार्ग पर मुंडेरा उपाध्याय तक 18 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कार्य से बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हुई है। विधायक ने अपने चार साल के कार्यकाल में 500 करोड़ रुपये के विकास कार्य का दावा किया है।
हालांकि, विकास की तस्वीर में कुछ धब्बे भी हैं। सुकरौली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन जर्जर होने के कारण चिकित्सकों को अपने आवास पर ओपीडी चलानी पड़ रही है। हाटा में 15 बेड का राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल आज तक अपना भवन नहीं बना सका है और यह खंड विकास कार्यालय के एक कमरे में संचालित हो रहा है, जो विकास की छवि को धूमिल करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था की कमी भी बनी हुई है। कुछ गांवों में तैयार ओवरहेड टैंक भी बेपानी हैं, जिससे लोगों की प्यास बुझाने की चाह अधूरी रह गई है।
इसके अलावा, हाटा में खेल स्टेडियम की आवश्यकता भी पूरी नहीं हो सकी है। नगरवासियों की रेल सुविधा की मांग भी अभी तक पूरी नहीं हुई है। विधायक ने इस दिशा में पहल की है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका है। रधिया देवरिया में तालाब से तैराकी से सफलता आसमान तय कर 500 से अधिक युवक-युवतियों ने रोजगार पाया, लेकिन ऐसी प्रतिभाओं के उभार को लेकर हाटा में कोई स्थायी प्लेटफार्म नहीं मिल सका है।
आज भी एक पोखरे से ही तैराकी की प्रतिभाओं को अपनी मंजिल पाने की जद्दोजहद करनी पड़ती है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं की उड़ान को अब भी मंच की तलाश विकास की अधूरी आस बताता है।
- कुल मतदाता 330437
- पुरुष मतदाता-179275
- महिला मतदाता- 151154
विधायक मोहन वर्मा के समय में शिक्षा स्वास्थ्य सड़क निर्माण कार्य में तेजी आई है। हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं। बिजली व्यवस्था भी बेहतर हुई है। पूर्व की सरकारों में छह घंटा रात व छह घंटा दिन में ही बिजली मिलती थी, अब बिजली जाती ही कम है। -प्रशांत सिंह, व्यवसायी
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- तमकुहीराज विधानसभा में बिजली से बदली तस्वीर, पेयजल और बाढ़ की समस्या बरकरार
विधायक क्षेत्र में सदैव उपलब्ध रहते हैं। लोगों से मिलते हैं, हमारी समस्याएं भी सुनते हैं। खेल-कूद व शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नही हो पाई है। अच्छे खेल मैदान का निर्माण कराने व शिक्षा व खेल के विकास के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। -विकास मिश्र, शिक्षक
विधायक सक्रिय रहते हैं और नियमित क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनते हैं। आम लोगों से सहजता के साथ मिलने व लोगों के सुख दुख में उपस्थित रहते हैं। उनके प्रयास से विधान सभा क्षेत्र में सड़क निर्माण, प्राचीन धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार सहित अनेक विकास कार्य हुए हैं। -उमेश दूबे, अधिवक्ता
आधार भूत ढांचे के विकास से विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क संपर्क मार्ग बेहतर होने से आवागमन व कारोबार में सुविधा मिली है। विधायक ने पिछले साढ़े चार वर्षों में व्यवस्थित तरीके से हाटा में विकास कार्यों को गति दी है। इससे विकास की तस्वीर रंगीन हुई है। -डा. पीएल श्रीवास्तव, चिकित्सक
विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि, वे पहली बार विधायक बने हैं और उन्होंने क्षेत्र में 50 से अधिक सड़कों के नवनिर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य किया है, जिससे आम जन को सुविधा मिली है। गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज के लिए 25 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। 50 से अधिक गांवों में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई गई है और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी लगाए गए हैं। इससे लोगो को बिजली की समस्या का समाधान हुआ है। भिस्वा मठवालगिरि बिजली उपकेंद्र पर पांच एमबीए के स्थान पर दस एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाकर क्षमता में वृद्धि करने का भी कार्य किया गया है। विधानसभा क्षेत्र में 100 से अधिक गांवों में जर्जर नंगे तारों को बदलकर केबल लगाने का कार्य भी किया गया है, जिससे लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हुआ है। 50 से अधिक सड़कों का नवनिर्माण भी कराया गया है।
-मोहन वर्मा, विधायक
मैंने जो विकास कार्य हाटा में कराया, वह भाजपा के विधायक नहीं करा सके। 140 करोड़ की लागत से पट्टन में पावर हाउस बनवाया। उतनी क्षमता का पावर हाउस जिले नहीं है। हाटा में डाकबंगला, बढ़या में राजकीय उग्री कालेज, भलुहा में आइटीआइ कालेज, नगर पंचायत हाटा को नगर पालिका का दर्जा दिलाने के साथ ही, दो नई तहसीलें भी अपने कार्यकाल में बनवाई थीं। विधानसभा क्षेत्र के विकास की बात तो छाेड़ दीजिए, मेरे कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की देखरेख भी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। आमजन पूरी तरह से हताश व निराश है।
-राधेश्याम सिंह, रनर अप