Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुशीनगर में 200 करोड़ से बनेगी दो हाईटेक टाउनशिप, DPR तैयार

    Updated: Sat, 30 May 2026 01:54 PM (IST)

    कुशीनगर में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएंगी। कसाडा द्वारा इस परियोजना क ...और पढ़ें

    AI Image

    AI Image

    HighLights

    1. कुशीनगर में 200 करोड़ की दो स्मार्ट टाउनशिप बनेंगी।

    2. मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत होगा विकास।

    3. कसाडा द्वारा डीपीआर तैयार, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

    अजय कुमार शुक्ल, कुशीनगर। बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली और वैश्विक पर्यटन का प्रमुख केंद्र कुशीनगर अब धार्मिक व आध्यात्मिक पहचान के साथ-साथ आधुनिक शहरी विकास के मामले में भी दुनिया के नक्शे पर चमकने के लिए तैयार है।

    मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत कुशीनगर में 200 करोड़ रुपये की लागत से दो सुनियोजित आवासीय टाउनशिप (स्मार्ट सिटी) विकसित की जाएंगी। कुशीनगर विशेष विकास प्राधिकरण (कसाडा) के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है।

    प्राधिकरण की हालिया बैठक में इस ऐतिहासिक प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है, और वर्तमान में इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। उम्मीद है कि आगामी बैठक में अंतिम रूप से मुहर लगते ही शासन से धन की स्वीकृति मिल जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य गति पकड़ेगा।

    दरअसल, कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने और वैश्विक स्तर पर पर्यटन गतिविधियों में भारी उछाल आने के कारण यहां आबादी का दबाव तेजी से बढ़ रहा है। पड़ोसी राज्य बिहार से सटी सीमा होने के कारण वहां से आकर बसने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। इस वजह से शहर के आसपास अव्यवस्थित और कच्ची कालोनियों का चलन बढ़ रहा था, जो भविष्य के विकास के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता था।

    यह भी पढ़ें- कुशीनगर में पत्नी और दो बेटों के हत्यारे को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा, लगाया 3 लाख का जुर्माना

    इस सुनियोजित टाउनशिप के निर्माण से अवैध और अनियोजित निर्माण पर रोक लगेगी और लोगों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे यहां की अर्थव्यवस्था भी मजबूत बनेगी। निर्माण कार्य शुरू होने से लेकर टाउनशिप पूरी होने तक स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

    आधुनिक बाजारों, कामर्शियल कांप्लेक्स और माल के विकसित होने से स्थानीय व्यापारियों को नया मंच मिलेगा। प्रशासन का मनाना है कि, हाईटेक सुविधाओं से लैस कुशीनगर विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा, जिससे होटल सेक्टर को भारी लाभ होगा।


    हाईटेक टाउनशिप का निर्माण शासन की प्रमुखता में है। प्रशासन उसी अनुरूप तेजी से कार्य करते हुए इसको जमीन पर उतारने में लगा है। स्थापत्य, आधुनिक बुनियादी ढांचे, चौड़ी सड़कों, पार्कों और बेहतरीन ड्रेनेज सिस्टम से लैस ये दोनों स्मार्ट टाउनशिप कुशीनगर के गौरव को और समृद्ध करेंगी। आस्था और आधुनिकता का यह संगम आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के शहरी विकास का एक रोल मॉडल भी साबित होगा।

    -

    -महेंद्र सिंह तंवर, डीएम