कुशीनगर में DJ पर डांस को लेकर मारपीट, चार महिलाओं समेत 13 घायल
कुशीनगर के पटहेरवा में हल्दी समारोह के दौरान डीजे पर महिलाओं के साथ डांस को लेकर हुए विवाद में 13 लोग घायल हो गए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। पुल ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
हल्दी समारोह में डीजे डांस को लेकर विवाद
मनबढ़ युवकों और परिवार के बीच मारपीट
लाठी-डंडे चले, चार महिलाओं सहित 13 घायल
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। हल्दी कार्यक्रम में महिलाओं व लड़कियों के साथ गांव के कुछ मनबढ़ युवकों को नृत्य से रोकने पर विवाद हो गया। हाथापाई के बाद दोनों तरफ से मारपीट हो गई। इसमें चार महिलाओं समेत 13 घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम घायलों को अस्पताल भिजवाई और मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न कराया। पटहेरवा के दलित बस्ती में बुधवार रात हुई इस घटना के बाद घंटों अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बताया जा रहा कि गांव के योगेंद्र प्रसाद की पुत्री की गुरुवार को शादी है। घटना की रात हल्दी के कार्यक्रम में डीजे मंगाया गया था। हल्दी की रस्म के दौरान घर की महिलाएं व लड़कियां डीजे पर डांस कर रहीं थीं।
आरोप है कि इस बीच गांव के कुछ मनबढ़ युवक भी महिलाओं-लड़कियों के साथ डांस करने लगे। यह देख लड़की के घर के लोगों ने विरोध किया तो मनबढ़ विवाद पर उतर आए। दोनों तरफ से शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडा चला।
इसमें लड़की के घर के 15 वर्ष के सुजल कुमार, 40 वर्ष की सीमा, 18 वर्ष की काजल, 17 वर्ष के सूरज, 40 वर्ष की मंजू व 25 वर्ष के अरविंद कुमार व जबरदस्ती करने वालों में 23 वर्ष के संदीप प्रसाद, 30 वर्ष के अजय प्रसाद, 20 वर्ष के नन्हें भारती, 45 वर्ष के आनंद प्रसाद, 30 वर्ष के दिलीप, 16 वर्ष की अर्चना व 25 वर्ष के राजू समेत कुल 13 लोग घायल हो गए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर फोरलेन पर भीषण हादसा, ट्रक-डंपर की टक्कर के बाद आग में दो जिंदा जले
चीख-पुकार सुनकर आए आसपास के लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने घायलों को सीएचसी फाजिलनगर भिजवाया। मौके पर रह कर कार्यक्रम को संपन्न कराया।
उधर प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने घायलों में सीमा, काजल व मंजू की हालत गंभीर बता मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।