कुशीनगर हाईवे पर दो ट्रकों में लगी भीषण आग, चालक-खलासी लापता, जांच जारी
कुशीनगर के पटहेरवा क्षेत्र में महुअवा काटा गांव के पास हाईवे पर खड़े दो खाली ट्रकों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे उनका अधिकांश हिस्सा ज ...और पढ़ें

जलता ट्रक। जागरण
HighLights
कुशीनगर हाईवे पर दो खाली ट्रकों में लगी आग।
आग से ट्रकों का अधिकांश हिस्सा जलकर हुआ नष्ट।
चालक और खलासी मौके से लापता, पुलिस जांच में जुटी।
संवादसूत्र, पटहेरवा, (कुशीनगर)। पटहेरवा क्षेत्र के महुअवा काटा गांव के पास हाईवे पर खड़े दो खाली ट्रकों में भोर के समय संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर दोनों ट्रकों का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद चालक व खलासी मौके से गायब बताए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड व पुलिस की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
दोनों ट्रक खाली थे और एक साथ खड़े थे। पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एक ट्रक को दूसरे ट्रक से टोचन कर ट्रक स्वामी द्वारा बरेली ले जाया जा रहा था। गुरुवार शाम दोनों ट्रक डूमरभार से करीब पांच किलोमीटर आगे महुअवा काटा के पास खड़े कर दिए गए थे।
भोर करीब तीन बजे पास स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने ट्रकों में आग लगी देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित लेन पर यातायात रोक दिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों ट्रक बुरी तरह जल चुके थे।

जलता ट्रक, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस। जागरण
यह भी पढ़ें- कुशीनगर के 15 विद्यालय बनेंगे मॉडल स्कूल, मिलेंगी स्मार्ट क्लास जैसी हाईटेक सुविधाएं
बताया जा रहा है कि इनमें से एक ट्रक में दो दिन पहले भी घटनास्थल से पूरब डूमरभार स्थित एक पेट्रोल पंप के पास आग लगी थी, जिससे उसे आंशिक क्षति पहुंची थी। उस समय चालक राजीव कुमार पुत्र प्रेमप्रकाश निवासी बरेली ने ब्रेक जाम होने के कारण आग लगने की बात बताई थी।
खबरें और भी
हालांकि इस बार महज पांच किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद दोनों ट्रकों में आग लगने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि आग बुझा दी गई है। चालक व खलासी की तलाश की जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।