कुशीनगर में गर्मी की छुट्टी के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़, नहीं मिल रही कन्फर्म सीट
गर्मी की छुट्टी के बाद कुशीनगर में ट्रेनों में भारी भीड़ है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट च ...और पढ़ें

लंबी दूरी के सफर को लेकर हो रही सर्वाधिक परेशानी। जागरण
HighLights
गर्मी की छुट्टी के बाद ट्रेनों में यात्रा करना हुआ चुनौतीपूर्ण।
प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट, सीटें मिलना मुश्किल।
आनंद विहार, मुंबई, कोलकाता रूट पर वेटिंग लिस्ट लंबी।
संवाद सूत्र, कप्तानगंज, (कुशीनगर)। गर्मी की छुट्टी के बाद ट्रेनों में यात्रा करना यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण यात्रियों को कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थावे रूट के अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, जम्मू-कश्मीर, कोटा, कानपुर, लखनऊ जैसे बड़े शहरों के लिए ट्रेनों का संचालन होता है। गर्मी की छुट्टी के बाद सप्तक्रांति सुपरफास्ट, सत्याग्रह एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में 20 जून तक सीटें फुल हो चुकी हैं। आनंद विहार से कप्तानगंज आने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट के सभी क्लास में सीट नहीं है।
सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सीट उपलब्ध नहीं है, जबकि थर्ड एसी में 20 और टू टियर एसी में 15 नंबर वेटिंग चल रही है। कप्तानगंज से आनंद विहार जाने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट में स्लीपर में 25 नंबर, थर्ड एसी में 12 और टू टियर एसी में 15 नंबर वेटिंग है। सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर में 20, थर्ड एसी में 10 तथा टू टियर एसी में पांच नंबर वेटिंग है। अमृत भारत एक्सप्रेस में भी 26 नंबर तक वेटिंग पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में युवक की मौत पर बवाल, स्वजन ने थाने में किया हंगामा
मुंबई जाने वाली अवध एक्सप्रेस के स्लीपर में 30, थर्ड एसी में 20 और टू टियर एसी में 10 नंबर वेटिंग है। वहीं, मुंबई से कप्तानगंज आने वाली अवध एक्सप्रेस के स्लीपर में 30, थर्ड एसी में 45 तथा टू टियर एसी में 20 नंबर वेटिंग चल रही है। कोलकाता से कप्तानगंज आने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस में 20 जून तक स्लीपर में 28, थर्ड एसी में 20 और टू टियर एसी में 30 नंबर वेटिंग है। कप्तानगंज से कोलकाता जाने वाली ट्रेन में भी स्लीपर कोच में 10 नंबर वेटिंग चल रही है।
इसके अलावा, कप्तानगंज से जम्मू-कश्मीर जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस में 20 मई तक सभी श्रेणियों में सीट उपलब्ध नहीं है। यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिना कन्फर्म टिकट यात्रा करना बेहद कठिन हो गया है। हिमांशु राव, जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन अतिरिक्त ट्रेन चलाई जा रही है।