कुशीनगर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर
रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादस ...और पढ़ें
-1785940061203_m.webp)
HighLights
रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर।
बाइक सवार आशीष कुमार की मौके पर ही मौत।
साथी रंजीत गंभीर घायल, चालक नंबर प्लेट छोड़ फरार।
संवाद सूत्र, सांथा। रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर बुधवार की दोपहर करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार कार की ठोकर से बाइक सवार दो युवकों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक तेजी से कार लेकर फरार हो गया। हालांकि बाइक से टकराने के बाद कार का नंबर प्लेट मौके पर ही गिर गया।
हादसा सुरसाचमनजोत गांव के पास हुआ। बालेपार निवासी आशीष कुमार (22) पुत्र चंद्रभान अपने साथी रंजीत (20) पुत्र केशव के साथ बाइक से राजघाट से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों सुरसाचमनजोत के समीप पहुंचे, रुधौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई जबकि सवार उछलकर सड़क पर गिरे। आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
घायल रंजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उच्च केंद्र रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, भागने की जल्दबाजी में कार की नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिर गई। पुलिस ने नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर वाहन और चालक की पहचान शुरू कर दी है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, अस्पताल में शव छोड़कर भागे ससुरालवाले; सात लोगों पर FIR
घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष बेलहर हरिकेश भारती ने बताया कि घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी