Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पडरौना सदर विधायक जी का रिपोर्ट कार्ड: बुनियादी ढांचा में सुधार, बिजली आपूर्ति व्यवस्था लचर

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 11:01 AM (IST)

    पडरौना सदर विधायक मनीष जायसवाल मंटू के रिपोर्ट कार्ड में बुनियादी ढांचे में सुधार दिखा, लेकिन बिजली आपूर्ति व्यवस्था लचर रही। जनता की कुछ उम्मीदें पूर ...और पढ़ें

    पडरौना सदर विधायक मनीष जायसवाल मंटू।

    पडरौना सदर विधायक मनीष जायसवाल मंटू।

    HighLights

    1. बुनियादी ढांचा जैसे सड़क, बस स्टेशन, जेल में सुधार।

    2. बिजली आपूर्ति व्यवस्था और पेयजल समस्या अभी भी लचर।

    3. रोजगार सृजन और नए उद्योगों की कमी से युवा असंतुष्ट।

    जागरण संवाददाता, कुशीनगर। विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विपक्षी दलों के नेता अब सत्ता पक्ष को घेरने में जुटे हुए हैं। साढ़े चार वर्षों में क्या हुआ, क्या नहीं हुआ इसको कसौटी पर कसा जाने लगा है। सभी विधानसभा क्षेत्रों के चौक-चौराहों व बाजारों में चाय-पान की दुकानों पर भी इसकी चर्चा होने लगी है।

    दैनिक जागरण की टीम जब जमीनी हकीकत जानने पडरौना सदर विधानसभा क्षेत्र के कस्बों व गांवों में पहुंची तो विकास के बड़े-बड़े दावे और जमीनी हकीकत पूरी तरह मेल खाते नहीं दिखे। पांच वर्ष पहले जनता ने जिन उम्मीदों के साथ अपने प्रतिनिधि को चुना था, उनमें से कुछ पूरी हुईं तो कुछ आज भी अधूरी हैं। विकास की कसौटी पर विधायक का कार्यकाल मिला-जुला रहा। बुनियादी ढांचे (बिजली, सड़क, पानी) पर काम हुआ है, लेकिन कुछ समस्याएं आज भी सवाल कर रही हैं।

    विधायक का प्रोफाइल और चुनावी गणित

    • विधायक का नाम: मनीष जायसवाल मंटू
    • दल: भारतीय जनता पार्टी
    • कुल मतदाता: 334498
    • पुरुष मतदाता: 182762
    • महिला मतदाता: 151726
    • मुख्य प्रतिद्वंदी: विक्रमा यादव (सपा)


    वादे जो पूरे हुए
    चुनाव के समय विधानसभा क्षेत्र में जर्जर पडरौना-खिरकिया मार्ग, पडरौना नगर में रोडवेज बस स्टेशन, बदहाल बाइपास मार्ग, मंडी व जिला जेल का न होना प्रमुख समस्याएं थीं। विधायक ने जनता से वादा किया था कि आपका साथ मिला को सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। गांवों की बदहाल संपर्क सड़कों व जर्जर पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

    विधायक के प्रयास से राजकीय इंटर कालेज के जीर्णाेद्धार, पौराणिक बांसी की सफाई व जीर्णोद्धार, मेडिकल कालेज में क्रिटिकल केयर सेंटर की स्थापना, डायलिसिस सिस्टम का विस्तार, पडरौना नगर में नए सिवेज सिस्टम बनाने, चैती रजवाहा के पुनर्निर्माण, पडरौना नगर में मंडी की स्थापना, युवा मंडप का निर्माण, जिला जेल का निर्माण, रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण, रामधाम विशुनपुरा में 132 केवी बिजली उपकेंद्र का निर्माण, पडरौना-कुबेरस्थान मार्ग का चौड़ीकरण, पडरौना बाइपास मार्ग का निर्माण, पडरौना-खिरकिया मार्ग का चौड़ीकरण, दोनों तरफ नाला व नए पुल का निर्माण, आइटीआई कालेज का जीर्णोद्धार, ढोरही में 25 करोड़ की लागत से जनपद का पहल माडल विद्यालय, 33 केवी बिजली उपकेंद्र का निर्माण, विभिन्न क्षमता वाले 400 से अधिक नए ट्रांसफार्मर लगाए गए।

    खबरें और भी

    सिधुवा स्थान, खिरकिया देवी मंदिर, बांसी धाम व कटया कोट माई स्थान परिसर में धर्मशाला का निर्माण व पर्यटन विकास कार्य, 50 से अधिक संपर्क सड़कों का निर्माण हुआ है।

    अधूरे वादे और जनता की नाराजगी
    सड़कों और बिजली के अलावा कई ऐसे बुनियादी मुद्दे हैं, जिन पर पांच साल में कोई ठोस काम नहीं हो सका है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्र में कोई नया उद्योग न खोले जाने व रोजगार का साधन न बढ़ने के कारण युवाओं में असंतोष है।

    खिरकिया से खड्डा रोड तक बाइपास मार्ग, लक्ष्मीपुर में 33 केवी बिजली उपकेंद्र की स्थापना, मोहनपट्टी में गंडक नहर पर पुल, दमवतिया नहर की पटरी पर मिश्रौली होकर रामकोला रोड तक पिच सड़क का चौड़ीकरण, बकुलहां से मिश्रान चौक नरचोचवा तक सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो सका है।

    विधायक के साढ़े चार वर्ष की उपलब्धि औसत है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए विधायक की ओर से पहल की गई है। जनता की कुछ मांगें पूरी नहीं हो सकी है। -घनश्याम सिंह, अधिवक्ता

    यह भी पढ़ें- कुशीनगर एयरपोर्ट की जेवर और गया से हवाई कनेक्टिविटी, बौद्ध परिपथ पर्यटन को मिलेगा नया आयाम


    जनता की शिकायत सुनने के लिए विधायक उपलब्ध रहते हैं। इनके कार्यकाल में कुछ अच्छे काम भी हुए हैं, लेकिन नगर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। -डा. महफूज खान, चिकित्सक

    विधायक मिलनसार हैं, लोगों से सहजता से मिलते हैं तो समस्याओं के निस्तारण के लिए पहल भी करते हैं। नगर में जाम की समस्या का स्थायी समाधान न हो पाना लोगों को खलता है। -अनूप मिश्रा, शिक्षक

    क्षेत्र भ्रमण, जनसंवाद के अलावा विधायक नियमित अपने आवास पर जनता की समस्याओं को सुनते हैं। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए अधिकारियों से पहल करते हैं। -विकास जायसवाल, व्यापारी

    डबल इंजन की सरकार में पडरौना विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत सभी क्षेत्रों में विकास को गति मिली है। कल्याणकारी योजनाओं से सभी वर्ग के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठा है। विधायक निधि से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में धर्मशाला, विद्यालयों में कक्ष व सभागार, ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया, नाली, इंटरलाकिंग, आरसीसी सड़कों का निर्माण कराया गया है।

    -

    मनीष जायसवाल मंटू, सदर विधायक

    -पडरौना नगर में जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने को लेकर सत्ता पक्ष की ओर से कोई सार्थक पहल नहीं की गई। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर गड्ढों की भरमार है। युवा, व्यापारी, किसान अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। न पडरौना चीनी मिल चली और न ही किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ। उर्वरक के लिए किसान परेशान हैं।

    -

    विक्रमा यादव, निकटतम प्रतिद्वंदी, सपा