लखीमपुर खीरी के तहसील दिवस में 13 वर्ष के बच्चे का साहस, बोला- डीएम अंकल दिखवाइए नहीं, इस काम को करवा दीजिए
Lakhimpur Khiri: शिकायत सुनते समय जिलाधिकारी ने बातचीत में अमिताभ को कक्षा सात का छात्र समझ लिया। इस पर उसने मुस्कुराते हुए तुरंत कहा, मैं कक्षा आठ मे ...और पढ़ें
HighLights
तहसील दिवस पर कक्षा आठ के छात्र अमिताभ की बेबाक गुहार
बच्चे की बेबाक बात और हाजिरजवाबी ने सभी का ध्यान खींचा
जागरण संवाददाता, लखीमपुर खीरी। साहब... देखना नहीं, इसे करवा दीजिए और न्याय करवा दीजिए। 13 वर्ष के बच्चे अमिताभ की जिलाधिकारी से बेबाक गुहार ने तहसील दिवस में सबका ध्यान खींच लिया।
लखीमपुर खीरी के तहसील दिवस में 13 वर्षीय कक्षा-आठ के छात्र अमिताभ ने अकेले डीएम के सामने पहुंचकर अपने घर पर अवैध कब्जे की शिकायत की। बच्चे की बेबाक बात और हाजिरजवाबी ने सभी का ध्यान खींच लिया। डीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश देते हुए छात्र को पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।
सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों के सामने तमाम फरियादी पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान 13 वर्षीय छात्र अमिताभ ने खींचा। शहर के मोहल्ला ईदगाह निवासी कक्षा आठ का छात्र अकेले ही अपने पुश्तैनी मकान पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर जिलाधिकारी के सामने पहुंचा। बच्चे का आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज देख वहां मौजूद अधिकारी और फरियादी भी कुछ देर के लिए ठहर गए।
नन्हे फरियादी अमिताभ ने बताया कि उसके पुश्तैनी मकान पर कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और जर्जर मकान की मरम्मत नहीं करा सका, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग मकान गिराकर कब्जा करना चाहते हैं। अमिताभ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत सुनते समय जिलाधिकारी ने बातचीत में अमिताभ को कक्षा सात का छात्र समझ लिया। इस पर उसने मुस्कुराते हुए तुरंत कहा, मैं कक्षा आठ में पढ़ता हूं। इसके बाद जब डीएम ने शिकायत देखने की बात कही तो अमिताभ ने मासूमियत और आत्मविश्वास के साथ कहा, अंकल, दिखवाइए नहीं... इसे करवा दीजिए।
खबरें और भी
यह सुनकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। जिलाधिकारी भी मुस्कुराए और बच्चे को पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह देते हुए भरोसा दिलाया कि कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने तुरंत सदर कोतवाल को बच्चे के साथ उसके घर जाने के निर्देश दिए।
उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली
अमिताभ ने बताया कि उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली है। उसकी मां सृष्टि देवी मेहनत-मजदूरी कर करीब नौ हजार रुपये प्रतिमाह कमाती हैं। इसी आय से घर का खर्च चलता है और कई बार दो वक्त के भोजन की भी दिक्कत हो जाती है। डीएम ने मासूम को मदद का आश्वासन दिया।