विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बसपा मुखिया मायावती ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट में मस्जिद को गिराने को बताया दुखद, समाधान के उपाय की सलाह

Published: Sat, 05 Sep 2026 12:05 PM (IST)

Masjid Demolished in Saharanpur: आपाधापी में मस्जिद को गिराने का जो सरकारी अभियान चल रहा है वह ठीक नहीं है।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती

HighLights

  1. सहारनपुर कलेक्ट्रेट में बनी मस्जिद को बुलडोजर से किया गया ध्वस्त

  2. शहर में जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात

  3. बताया- ‘कानून द्वारा कानून का राज’ का व्यवहार जरूरी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सहारनपुर में जिला जज न्यायालय का फैसला आने के बाद कलेक्ट्रेट में बनी मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है। अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शहर में जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। इस प्रकरण को लेकर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त करने पर अपनी प्रतिक्रिया एक्स पर पोस्ट की। उन्होंने सहारनपुर की मस्जिद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में आए दिन मस्जिदों को काफी आपाधापी में अवैध बताकर उनको ध्वस्त करने को ठीक नहीं बताया है।

मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्त करना ठीक नहीं

मायावती ने कहा कि आए दिन यूपी में मस्जिदें ध्वस्त की जा रही हैं। अवैध बताकर ध्वस्त करने का सरकारी अभियान है। मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्त करना ठीक नहीं है। सरकार को ऐसे निगेटिव हालात से बचना चाहिए। मस्जिदों को सम्मान देना देश हित में जरूरी। अभियुक्तों के मकानों पर बुलडोजर एक्शन पर भी लिखा। पूरे परिवार को सामूहिक तौर पर सजा दी जाती है। परिवार को बेघर करने से लोग काफी विचलित है। सरकार ही नहीं, अदालत भी इस ओर ध्यान दें।

समाधान के अन्य उपाय जरूर करें

उन्होंने कहा कि जो आपाधापी में मस्जिद को गिराने का जो सरकारी अभियान चल रहा है वह ठीक नहीं है। मायावती ने कहा कि सरकार को ऐसे निगेटिव हालात से बचने के लिये इस पर तुरन्त रोक लगाकर इसके समाधान के अन्य उपाय ज़रूर करने चाहिये।

देश व व्यापक जनहित में जरूरी

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि वैसे भी एक संवैधानिक सेक्युलर सरकार का सभी धर्मों के मानने वालों एवं उनके धार्मिक स्थलों आदि का एक समान आदर-सम्मान व उनकी सुरक्षा करने का उत्तरदायित्व बनता है। इस्लाम मजहब में मस्जिदें हर दिन इबादत बल्कि दिन में कई बार जमात के साथ नमाज पढ़ने का मुख्य व अभिन्न अंग हैं। जिसको ध्यान में रखकर व भारतीय परम्परा के अनुसार सम्मान देना देश व व्यापक जनहित में जरूरी है।

कार्रवाईयों से भी लोग काफी विचलित

बसपा प्रमुख ने कहा कि इसके साथ ही, बिना नियम-कानून का समुचित अनुपालन किये हुये किसी भी अभियुक्त का मकान ध्वस्त करके उसके पूरे परिवार को सामूहिक तौर पर सजा देकर बेघर बार कर देने की कार्रवाईयों से भी लोग काफी विचलित हैं। ऐसे में बीएसपी सरकार की तरह का ‘कानून द्वारा कानून का राज’ का व्यवहार जरूरी है।

माननीय कोर्ट भी इस ओर समुचित ध्यान दें

मायावती ने कोर्ट पर भी टिप्पणी की और कहा कि अतः केवल सरकार ही नहीं बल्कि माननीय कोर्ट भी इस ओर समुचित ध्यान दें तो यह उचित होगा। बसपा की अपील है कि ऐसे हालात में सभी लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण भी जरूर बना कर रखें।

गौरतलब है कि जिला जज न्यायालय का फैसला आने के बाद सहारनपुर कलक्ट्रेट में बनी मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है। कलक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को अवैध बताते हुए बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने मार्च 2025 में इस संबंध में शिकायत की थी। परिसर का व्यावसायिक उपयोग भी हो रहा है जो कलक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा के लिए खतरा है। यह मामला सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में डेढ़ वर्ष से चला आ रहा था। जुलाई में कोर्ट ने मस्जिद को अवैध माना था।

इसके बाद जिला जज न्यायालय ने भी तीन दिन पहले दिए आदेश में सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को सही माना था। शनिवार सुबह मौके पर छह बुलडोजर की मदद से मस्जिद ध्वस्त कर दी गई। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते शहर में जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। मस्जिद पक्ष साल 1911 से पहले की मस्जिद होने का दावा कर रहा है। मामले को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। सहारनपुर जा रहीं कैराना सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है।

यह भी पढ़ें- बसपा की महत्वपूर्ण बैठक में नहीं दिखे आकाश आनंद, राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का संदेश- अभी परिपक्व होने की जरूरत

यह भी पढ़ें- बसपा सुप्रीमो मायावती की बैठक में पहुंचे दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के पुत्र यूकेश, राजनीतिक विरासत को लेकर चर्चा तेज