नेपाल में भीषण बाढ़ पर सीएम योगी गंभीर, यूपी सीमा पर सतर्कता बढ़ाने के दिए निर्देश
नेपाल में भयंकर बाढ़ के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महराजगंज और कुशीनगर में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

HighLights
सीएम योगी ने नेपाल में आई बाढ़ पर चिंता जताई।
महराजगंज और कुशीनगर में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
भारतीय पर्यटकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए प्रदेश के सीमावर्ती महराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई क्षति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए महराजगंज और कुशीनगर में स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नेपाल में बाढ़ के प्रभाव से महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को नदियों के जलस्तर पर नजर रखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की है।
बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों के फंसे होने की सूचना
गौरतलब है कि त्रिशूली नदी में बादल फटने से नेपाल में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ और जलभराव के कारण नारायणघाट समेत कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों के फंसे होने की सूचना है। हालात को देखते हुए नेपाल से भारतीय पर्यटकों की वापसी शुरू हो गई है।
सामान्य दिनों में सोनौली सीमा के रास्ते प्रतिदिन करीब 15 पर्यटक बसें और 45 पर्यटक वाहन नेपाल जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक शामिल होते हैं।
सीमा पर तैनात एसएसबी, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां नेपाल से आने वाले पर्यटकों तथा वाहनों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। पर्यटकों की अचानक बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए सीमा पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है।
सोनौली सीमा पर आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और नेपाल से लौट रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा जा रहा है। नेपाल में बाढ़ की स्थिति और पर्यटकों की वापसी पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है।
