Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश दे रही कांवड़ यात्रा, बाधा डालने वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई: CM योगी

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 11:00 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश बताया। उन्होंने कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और आगामी पर्वों ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

    HighLights

    1. कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश।

    2. उपद्रवियों पर कठोर कार्रवाई, भ्रामक समाचारों का तत्काल खंडन करें।

    3. महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मिशन शक्ति को प्रभावी बनाएं।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश दे रही है। इसके शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भ्रामक समाचार फैलाकर माहौल बिगाड़ने के प्रयासों का तत्काल खंडन किया जाए। साथ ही कहा कि धार्मिक आयोजनों में उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

    गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून व्यवस्था, कांवड़ यात्रा, महिला सुरक्षा, आगामी पर्व एवं त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समाज में जातीय विद्वेष फैलाने की साजिशें रची जा रही हैं, ऐसे समय में लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली कांवड़ यात्रा सामाजिक समरसता का उदाहरण बनकर सामने आई है।

    श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना

    सरकार के साथ अनेक सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हैं, जो समाज की सकारात्मक सहभागिता को दर्शाता है। एडीजी मेरठ भानु भास्कर ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सीमावर्ती राज्यों का पूरा सहयोग मिल रहा है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रवींद्र गौड़ ने बताया कि अब तक लगभग 70 हजार कांवड़ यात्री गाजियाबाद से गुजर चुके हैं। पुलिस और स्वयंसेवक पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं और अगले एक दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।

    मुख्यमंत्री ने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह स्वागतयोग्य है कि इस्लामिक समुदाय ने उर्स के अवसर पर शाकाहारी भोजन वितरण की व्यवस्था की है। इतना ही नहीं इस्लाम समुदाय ने शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए उर्स के आयोजन को सीमित दायरे में रखा है।

    खबरें और भी

    मुख्यमंत्री ने महिला अपराधों से जुड़ी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के मामले किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। महिला सुरक्षा सरकार की पहले दिन से सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

    यह भी पढ़ें- 'बाढ़ राहत में न हो ढिलाई, तटबंधों की बढ़ाएं सुरक्षा'; CM योगी ने प्रभावित परिवारों को पट्टा-आवास देने के दिए निर्देश

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तैनात 45 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक की जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।