विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में डबल मर्डर और सुसाइड से सनसनी: बैंक कर्मी ने पहले पत्नी और बहन को मारी गोली, फिर की आत्महत्या

Updated: Thu, 20 Aug 2026 02:43 PM (GMT+05:30)

Double Murder and Suicide: महिला दिव्या मिश्रा को उसके पति मानस बाजपेई ने गोली मारी और फरार हो गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

HighLights

  1. गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहा के पास आईसीआईसीआई बैंक के बाहर मारी गई गोली

  2. पत्नी की हत्या के बाद सुसाइड करने से पहले बहन की भी हत्या

  3. लखनऊ में गुरुवार को तीन मौत से खलबली

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पति-पत्नी के विवाद ने गोमतीनगर में गुरुवार को खौफनाक रूप ले लिया। राजधानी के गोमतीनगर का अति व्यस्त रहने वाला मिठाईवाला चौराहा गुरुवार को दिन में करीब 12 बजे गोलियों की तडतड़ाहट से गूंज गया। यहां एक युवक ने बैंक कर्मी पत्नी की दिनदहाड़े हत्या के बाद अवसाद में चल रही अपनी बहन को मौत के घाट उतारने के बाद आत्महत्या कर ली।

एसबीआई में अका‍उंटेट के पद पर कार्यरत मानस बाजपेई ने निजी बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा की पहले मिठाई वाला चौराहे के पास गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद ई-रिक्शा से हुसड़िया चौराहे पर बड़ी बहन के घर पहुंचा और छोटी बहन तुलिका बाजपेई को गोली मार दी। इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली। तीनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार समेत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, मानस और दिव्या ने वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। मानस एसबीआई में अकाउंटेट था और उसकी पत्नी आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात थी। दोनों हुसड़िया के मकान में रहते थे। वर्ष 2024 से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

इसी वर्ष जनवरी में मानस बाजपेई ने तलाक के लिए अर्जी भी दाखिल की थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत लगभग बंद थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले मानस को दिव्या की किसी अन्य व्यक्ति से दोस्ती होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद विवाद और बढ़ गया था। हालांकि, पुलिस अभी घटना के वास्तविक कारण की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गुरुवार सुबह दिव्या आईसीआईसीआइ बैंक में मीटिंग में थीं। मानस बैंक के बाहर पहुंचा और आटो रिक्शा में बैठकर उनके बाहर आने का इंतजार करने लगा। मीटिंग खत्म होने के बाद वह अंदर गया और दिव्या को बुलाकर बाहर लाया। दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दो असलहा कमर से निकाले। पहले दिव्या के सिर पर हथियार की बट से हमला किया और फिर गोली मार दी। हत्या के बाद वह वहां से हुसड़िया घर पहुंचा।

इसी बीच उसने मोबाइल पर स्टेटस लगाया कि उसने पत्नी दिव्या की हत्या करने की बात लिखी थी और इसके बाद बहन व खुद को भी मारने की बात कही थी। उसने यह भी लिखा था कि दिव्या की बहन और उसके जीजा को घटना के संबंध में सब पता है। पुलिस मोबाइल की अन्य गतिविधियों और संदेशों की भी जांच कर रही है।

बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी मारी गोली

दिव्या की हत्या की सूचना पर गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची ही थी कि हुसड़िया पर मानस के घर में गोली चलने की सूचना मिल गई। पुलिस वहां पहुंची तो मानस की बहन तुलिका का शव पड़ा था। इसके पास ही मानस भी गंभीर हालत में मिला। उसने खुद को भी गोली मार ली थी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, तुलिका मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और घर पर रहती थीं। पुलिस ने मानस के शव के पास से दो पिस्टल और एक तमंचा मिला। तीनों हथियारों में से किससे गोली चलाई गई, इसकी पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

घटना का कारण तलाश रही पुलिस

पुलिस आयुक्त लखनऊ तरूण गाबा ने बताया कि विवाद तो दोनों चल रहा था। अचानक घटना को अंजाम क्यों दिया। इसके बारे में पता लगाया जा रहा है, साथ ही परिवारजन से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे आगे की कार्रवाई की जाएगी। तीन मौत से आज लखनऊ में सनसनी फैल गई। बैंक कर्मी महिला की हत्या की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। टीम जांच में जुटी थी कि सूचना मिली कि पत्नी के बाद बहन की हत्या करने वाले युवक ने आत्महत्या कर ली है।

लगाया WhatsApp Status

पत्नी दिव्या मिश्रा की हत्या से पहले मानस बाजपेई ने आत्महत्या से पहले WhatsApp status लगाया कि “मेरी पत्नी मुझको धोखा दे रही थी, मैंने उसे मार दिया और …अपनी बहन को भी मार दिया। प्रज्ञा मिश्रा और भारत (पत्रकार) सबकुछ जानते हैं। पत्नी की हत्या के बाद मानस बाजपेई ने मोबाइल के वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाया था। इसमें लिखा था- सुसाइड करने जा रहा हूं।

मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील

दिव्या मिश्रा यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी। उसने एक वर्ष पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद से वह आलमबाग में रहती थी। पति मानस बाजपेई हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के किराए के मकान में रहता था। वह भारतीय स्टेट बैंक में काम करता था। मानस के माता-पिता की मौत हो चुकी है।

वैवाहिक विवाद की खौफनाक वारदात

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वैवाहिक विवाद ही इस खौफनाक वारदात की वजह बना या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल हत्या और उसके बाद हुई घटनाओं की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि पुलिस को आज गोमती नगर थाना क्षेत्र में एक महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी।

घटना स्थल पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि महिला के पति ने ही उसे गोली मारी थी। इसके कुछ ही देर बाद, पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली जिसने अपनी बहन की हत्या कर दी थी और खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुष्टि हुई कि यह वही व्यक्ति, मानस बाजपेई था, जिसने अपनी पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या की थी। उसके फोन पर लगा एक WhatsApp स्टेटस इस घटना की वजह बताता है। उसके घर से तीन हथियार मिले हैं।

दिव्या की बहन प्रज्ञा का भावुक पोस्ट

मेरी बहन दिव्या मिश्रा लखनऊ के गोमतीनगर आईसीआईसीआई बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर थी वो पति की साइको हरकतों और बहन की पागलपन की बिमारी की वजह से अलग रह रही थी। रोज की तरह वो आज भी सुबह नौ बजे दफ्तर पहुंची थी।

दफ्तर पहुंचने के बाद उसने अपना कामकाज निपटाया उसके बाद वो किसी से चेक-वेक कलेक्ट करने के लिए अपने कलीग के साथ बाहर चली गई। इस दरमियान उसका साइको पति दो रिवॉल्वर के साथ ऑटो से रेकी करने लगा।

जब वो बैंक पहुंची बैंक के गेट पर उसके पति ने पहले पहली रिवॉल्वर से गोली चलायी, फिर रिवॉल्वर की बट से चेहरे सिर पर कई वार किये। पास के सब लोग जान बचाकर भाग गए। फिर उसने दूसरा रिवॉल्वर निकाला उससे फायर किया। माथे पर उसके बहुत बड़े बड़े होल हैं।

दिव्या तुम अब नहीं हो ये यकीन कर पाना मुश्किल है। तुम मम्मी का बेटा थीं। मम्मी का बार बार फोन आ रहा है, मेरी हिम्मत नहीं है कि मैं उनको कह सकूं की तुम अब नहीं रहीं। दिव्या काश के तुम इतनी सीधी नहीं होतीं। काश के हम आज पूर्णागिरि घूमने चले गए होते।

यह भी पढ़ें- महिला बैंककर्मी दिव्या मिश्रा का पति से एक वर्ष से चल रहा था विवाद, दाखिल की थी तलाक की अर्जी

यह भी पढ़ें- भाजपा विधायक जय देवी कौशल का गंभीर आरोप, मैं खड़ी रही और मुझे नहीं करने दी गई पूजा