लखनऊ में मिलावट की आशंका पर FSDA का छापा, 55 क्विंटल मैदा जब्त; आटा मिल को नोटिस जारी
एफएसडीए ने लखनऊ में आटे में मिलावट की शिकायतों पर कई आटा मिलों पर छापेमारी की, जिसमें 55 क्विंटल मैदा जब्त किया गया और लगभग 10 क्विंटल कीड़े लगी सूजी ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एफएसडीए ने लखनऊ की आटा मिलों पर छापेमारी की।
55 क्विंटल मैदा जब्त, 950 किलो सूजी नष्ट की गई।
जांच के लिए 10 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। आटे में शैलखड़ी (सोप स्टोन) और चावल की मिलावट की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कई आटा मिल व निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की।
पांच टीमों ने चार से छह अगस्त तक विभिन्न फ्लोर मिलों पर छापेमारी कर 10 नमूने एकत्र किए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। कार्रवाई के दौरान कीड़े मिली 950 किलोग्राम सूजी नष्ट कराई गई, जबकि बिना निर्धारित पैकेजिंग और लेबलिंग के 55 क्विंटल मैदा जब्त किया गया है।
एफएसडीए की टीम ने काकोरी स्थित आतिश फ्लोर मिल में तीन नमूने एकत्र किए। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई और स्टोरेज मानकों के अनुसार नहीं पाया गया। यहां मिली 19 कीटग्रस्त सूजी की बोरी (950 किलोग्राम) को मौके पर ही नष्ट कराया गया। मिल को नोटिस भी जारी की गई है।
आटा और मैदा के लिए सैंपल
बीकेटी के कुम्हरावां स्थित केजार एग्रो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में प्रोसेसिंग एरिया में साफ-सफाई की भारी खामियां मिलने पर आटा और मैदा के नमूने लिए गए। इसी तरह मोहनलालगंज रोड स्थित नरैन फ्लोर मिल से आटा, मैदा और सूजी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा मिश्रीपुर स्थित राम निवास फ्लोर मिल प्राइवेट लिमिटेड में कच्चे माल के भंडारण, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग में अनियमितताएं पाई गईं।
यहां 110 बोरियों में रखे करीब 55 क्विंटल मैदा पर अनिवार्य पैकेजिंग और लेबलिंग न मिलने पर 1.65 लाख रुपये मूल्य का मैदा जब्त किया गया। मिल से आटा, मैदा, सूजी और बेसन के नमूने भी एकत्र किए गए। सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित अयोध्या फ्लोर मिल और यू.पी. रोलर फ्लोर मिल में केवल मैदा और रवा का उत्पादन पाया गया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- लखनऊ में घर के बाहर खड़ी कार में पेट्रोल डालकर लगाई आग, गाड़ी मालिक ने BBD थाने में दर्ज कराया मुकदमा
दोनों इकाइयों से मैदा के एक-एक नमूने लिए गए। निरीक्षण में साफ-सफाई और अभिलेखों के रख-रखाव में कमियां मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय विजय प्रताप सिंह के मुताबिक, अभियान के दौरान कुल 10 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।