लखनऊ नगर निगम ने गोमतीनगर में खतरा बने यूनीपोल को हटाया, तेज हवा के कारण गिर गया था
नगर निगम ने गोमती नगर के विभूति खंड से एक खतरनाक यूनीपोल को हटाया, जिसमें जंग लग चुकी थी और वह तेज हवा में गिरने का खतरा बना हुआ था। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। नगर निगम ने गोमती नगर के विभूति खंड से यूनीपोल को हटा दिया। मंगलवार को उसे हटाने में कई घंटे लग गए और रात नौ बजे तक पूरी तरह से हटाया जा सका।
यह यूनीपोल गोमतीनगर विभूति खंड में बैंक आफ इंडिया के पास लगा था और जंग लग गई लेकिन उस पर प्रचार के लिए जाल लगा था, जो तेज हवा चलने पर किसी के ऊपर गिरकर खतरा बन सकता था।
हालांकि नगर निगम को इस यूनीपोल को हटाने की याद तब आई, जब दैनिक जागरण ने इसकी खबर छापी। ‘मानसून की बारी, कैसी है हमारी तैयारी’ अभियान की खबर में बताया गया था कि जंग खा चुके नलबोल्ट पर खड़े यूनीपोल, पुरानी छतों पर टंगे लोहे के जाल’ किस तरह से बारिश आंधी में किसी की जान के दुश्मन बन सकते हैंं।
हालांकि शहर में ऐसे कई यूनीपोल और होर्डिंग हैं, जिस पर अभी नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
इसमें गोमतीनगर विभूति खंड में पंजाब नेशनल बैंक के पास लगे यूनीपोल का नटबोल्ट खुले हैं तो लालबाग में सुपर मार्केट के पास यूनीपोल जिस नींव पर खड़ा है, वहां सीमेंट और कंक्रीट से की गई जुड़ाई में दरार आ गई है और सरिया दिखने लगी है। सड़क पर दिन भर लोगों की भीड़ बनी रहती है और अगर यह यूनीपोल गिरा तो कई जिंदगियों को लील सकता है।
दरअसल मिलीभगत से एजेंसियां सुरक्षा के मानकों का कोई ध्यान नहीं रखती है। यूनीपोल और छतों पर होर्डिंगों के लिए कई हजार टन के लोहे के जाल खड़े कर दिए जाते हैं, जबकि छह जून 2023 को इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परिसर में लगा कई हजार टन वजनी यूनीपोल गिरने से मां बेटी की मौत हो गई थी।
नटबोल्ट खराब और उसमें जंक लग गई थी। शहीद पथ और इकाना स्टेडियम के बीच वाली सर्विस लेन पर गिरे यूनीपोल के नीचे इंदिरानगर सी-ब्लाक की 38 वर्षीय प्रीती जग्गी और बेटी 13 वर्षीय एंजल की मौत हो गई थी।