Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ में हाइवे किनारे इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग, लाखों रुपये का सामान जला

    Updated: Sat, 25 Apr 2026 07:24 PM (GMT+05:30)

    लखनऊ के निगोहां में मदापुर मंदिर चौराहे पर स्थित विंध्यवासिनी इलेक्ट्रानिक शोरूम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। दमकल क ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. निगोहां के इलेक्ट्रानिक शोरूम में लगी भीषण आग।

    2. आग से लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

    3. दमकल ने दो घंटे में आग पर काबू पाया।

    संवाद सूत्र, निगोहां (लखनऊ)। मदापुर मंदिर चौराहे पर शनिवार की दोपहर विंध्यवासिनी इलेक्ट्रानिक शोरूम में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना दमकल और पुलिस को दी गई। मौके पर एसीपी विकास पांडेय, दमकल की गाड़ियां भी पहुंची। लगभग दो घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।

    बाजपेयी खेड़ा निवासी उमाशंकर शुक्ला का मदाखेड़ा मंदिर चौराहे पर दो मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर विंध्यवासिनी इलेक्ट्रानिक शोरूम और नीचे विंध्यवासिनी ट्रेडर्स हैं। इमारत मोहनलालगंज ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला के नाम पर है।

    शनिवार की सुबह उमाशंकर शोरूम में पूजा पाठ कर नीचे विंध्यवासिनी ट्रेडर्स में बैठे थे। कुछ राहगीरों ने दूसरी मंजिल पर बने शोरूम की खिड़की से धुआं निकलता देखा तो उन्हें जानकारी दी। जब तक सभी लोग ऊपर पहुंचे तब तक शोरूम में आग पूरी तरह फैल गई। कुछ ही देर में अंदर रखे विद्युत उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह जलने लगे।

    लोगों ने बाल्टियों से पानी फेंककर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन आग और तेज हो गई। इसके बाद सूचना दमकल को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की दो गाड़ियों ने शोरूम की खिड़की तोड़कर धुआं बाहर निकाला और हौज पाइप की मदद से लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया। शोरूम मालिक के मुताबिक आग में लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।