Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फर्जी DM के झांसे में आकर कैसे बर्बाद हुआ यूपी का किसान? पत्नी के जेवर बिके और खुद की जमीन तक गई

    Updated: Fri, 27 Feb 2026 08:32 PM (IST)

    लखनऊ के बख्शी का तालाब में एक किसान से फर्जी जिलाधिकारी बनकर नौ लाख रुपये ठगे गए। जालसाज ने 400 बीघा जमीन दिलाने का झांसा दिया। ...और पढ़ें

    फर्जी DM के झांसे में आकर कैसे बर्बाद हुआ यूपी का किसान? - एआई जनरेटेड तस्वीर

    फर्जी DM के झांसे में आकर कैसे बर्बाद हुआ यूपी का किसान? - एआई जनरेटेड तस्वीर

    HighLights

    1. किसान से फर्जी जिलाधिकारी बनकर नौ लाख ठगे।

    2. जालसाज ने 400 बीघा जमीन दिलाने का झांसा दिया।

    3. पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार रावत को हिरासत में लिया।

    जागरण टीम, लखनऊ। बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में एक अनपढ़ किसान को जालसाज ने फर्जी जिलाधिकारी बनकर फोन किया। फिर 400 बीघा जमीन दिलाने का झांसा दिया और नौ लाख रुपये ठग लिए। ठगी की जानकारी होने पर स्थानीय थाने में शिकायत की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    दिनकरपुर झलौवा गांव निवासी किसान मोती लाल ने बीकेटी थाने में दी गई शिकायत में बताया कि लगभग दो माह पहले उनकी मुलाकात चंदाकोडर गांव निवासी राजेश कुमार रावत से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद राजेश ने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और किसी तरह उनका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया।

    फिर फोन पर खुद को “जिलाधिकारी” बताकर उनसे बात करने लगा और सरकारी कार्रवाई का भय दिखाकर रुपये मांगने लगा। पीड़ित के अनुसार, आरोपित कहता था कि कागजों में उनके नाम 400 बीघा जमीन दर्ज है, लेकिन उसमें कुछ त्रुटियां हैं।

    यदि वह रुपये दे देंगे तो पूरी कागजी प्रक्रिया कराकर जमीन उनके नाम करा दी जाएगी। आरोपित यह भी कहता था कि उसका परिचित राकेश कुमार रावत रुपये लेकर जिलाधिकारी तक पहुंचाएगा। सरकारी रौब और लालच के जाल में फंसकर मोती लाल ने पहले पत्नी के सोने-चांदी के जेवर बेच दिए और बाद में अपनी जमीन बेचकर भी आरोपित को रुपये दे दिए।

    खबरें और भी

    23 फरवरी को आरोपित ने दोबारा फोन कर इस बार खुद को दारोगा बताते हुए पैसों की मांग की। जब किसान ने रुपये देने से मना किया तो उसे धमकी दी गई। परिवार को शक होने पर मोबाइल में काल रिकॉर्डिंग चालू कर दी गई, जिसमें आरोपित की बातचीत रिकार्ड हो गई। रुपये वापस मांगने पर आरोपित कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर धमकाने लगा। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।