लखनऊ के दुबग्गा में आतंक फैलाने वाले गद्दी गैंग का सरगना गिरफ्तार, एक महीने बाद पुलिस ने दबोचा
लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आतंक फैलाने वाले गद्दी गैंग के सरगना आसिफ उर्फ आसिफ गाजी को पुलिस ने लगभग एक महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। उस पर गौक ...और पढ़ें

HighLights
गद्दी गैंग का सरगना आसिफ गाजी गिरफ्तार।
एक माह से फरार था, लोगों को धमका रहा था।
गौकशी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
संवाद सूत्र, काकोरी। दुबग्गा में आतंक फैलाने वाले गद्दी गैंग के सरगना को पुलिस ने करीब एक माह बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित पर गौकशी समेत विभिन्न धाराओं में आठ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि हाजी कालोनी गद्दी बगिया निवासी आसिफ उर्फ आसिफ गाजी लंबे समय से फरार चल रहा था। गैंग के सदस्यों पर इंटरनेट मीडिया पर रील बनाकर दहशत फैलाने और लोगों को धमकाने के आरोप भी हैं। बीती 25 फरवरी को अंधे की चौकी के पास विधि के छात्र नोमान पर जानलेवा हमला कर सिर फोड़ दिया गया था, जिससे वह बेहोश हो गया था। इस मामले में पीड़ित के पिता फय्याज अली ने आसिफ समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना के बाद पुलिस ने 26 फरवरी को गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन सरगना आसिफ फरार था। बताया जा रहा है कि वह लगातार फोन कर और इंटरनेट मीडिया के जरिए लोगों को धमका रहा था। सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अंधे की चौकी के पास स्थित एक निजी अस्पताल के करीब से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- UP के 35 जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, लखनऊ में 10 डिग्री सेल्सियस लुढ़का पारा; अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?