लखनऊ में अवैध रो-हाउस तोड़ने गई LDA टीम पर हमला, बिना कार्रवाई के लौटी वापस
लखनऊ के जुग्गौर में अवैध रो-हाउस और प्लाटिंग तोड़ने गई एलडीए टीम पर बिल्डर गौतम सिंह व अन्य अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। ...और पढ़ें

HighLights
एलडीए टीम जुग्गौर में अवैध रो-हाउस तोड़ने पहुंची थी।
बिल्डर और अज्ञात लोगों ने टीम पर हमला कर घेराव किया।
सुरक्षाकर्मियों के साथ एलडीए टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौटी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। चिनहट के जुग्गौर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची एलडीए की टीम पर बिल्डर ने हमला कर दिया। मौके पर एलडीए के सुरक्षा कर्मियों और पुलिस के बीच अवैध रूप से बन रहे रो-हाउस को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गौतम सिंह व अन्य चिनहट के ग्राम जुग्गौर में किसान पथ के पास लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग कर रहे थे। अवैध रूप से तीन रो-हाउस भवनों का निर्माण कार्य भी हो रहा था।
सोमवार को प्रवर्तन जोन एक के अवर अभिंयता विपिन बिहारी राय एवं राहुल विश्वकर्मा टीम के साथ उसे ध्वस्त करने पहुंचे थे। इस बीच कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गये और ध्वस्तीकरण अभियान को तुरंत रोकने के लिए दबाव बनाने लगे। कार्रवाई जारी रखने पर लोगों ने टीम का घेराव करके हमला कर दिया। इसके चलते एलडीए की टीम वहां से भाग निकली।
किसान पथ के आसपास वेलनेस सिटी से आच्छादित क्षेत्र में भी अवैध प्लाटिंग हो गई है। उधर प्रवर्तन जोन चार में जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने सैरपुर में आइआइएम रोड स्थित ग्राम पलहरी में अवैध रूप से बन रही दुकानों व भवन, रैथा रोड पर आदित्य इंटरप्राइजेज के अवैध निर्माण और मोहम्मद शाजिद खान व अन्य के खदरा में हो रहे निर्माण को सील कर दिया गया।