लखनऊ में मानकनगर-अमौसी रेलखंड पर बन रहा अंडरपास, पहुंच मार्ग के लिए रेलवे को कम पड़ रही जमीन
लखनऊ में मानकनगर-अमौसी रेलखंड पर बन रहे अंडरपास के पहुंच मार्ग के लिए रेलवे को 75 मीटर भूमि की कमी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने सुरक्षित यातायात ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
रेलवे ने अंडरपास पहुंच मार्ग हेतु 75 मीटर भूमि मांगी।
मानकनगर-अमौसी रेलखंड पर अंडरपास का निर्माण जारी है।
सुरक्षित यातायात और जाम से राहत मिलेगी भूमि मिलने पर।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मानकनगर-अमौसी रेलखंड के ग्राम रामदास खेड़ा में बन रहे रेलवे अंडरपास के लिए पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) की भूमि कम पड़ गई है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सहायक मंडलीय अभियंता द्वितीय की ओर से सरोजनी नगर के विधायक डा. राजेश्वर सिंह, नगर निगम और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर नगर निगम क्षेत्र की भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
रेलवे ने अपने पत्र में कहा है कि मानकनगर-अमौसी स्टेशनों के बीच किमी 7/7-9 पर स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 05/सी के स्थान पर अंडरपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा व सुगम आवागमन के लिए अंडरपास के साथ उचित पहुंच मार्ग बनाना अनिवार्य है। डाउन लाइन की दक्षिण दिशा में अभी केवल 35 मीटर सड़क उपलब्ध है।
इसके आगे घनी आबादी और आवासीय भवन होने के कारण मार्ग बाधित हो जाएगा। सड़क संकरी है और 90 डिग्री का तीखा मोड़ लेती है। आसपास के घरों के प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित मार्ग में बाधा बन रहे हैं, जिससे सुरक्षित यातायात संभव नहीं है। सुरक्षित एलाइनमेंट के लिए दक्षिण दिशा में कम से कम 75 मीटर लंबे और पर्याप्त चौड़े पहुंच मार्ग की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- कानपुर एक्सप्रेसवे पर आ रहीं डबल डेकर और इलेक्ट्रिक बसें, पर देना होगा ₹13 का अधिक किराया
रेलवे ने विधायक से आग्रह किया है कि नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाली भूमि को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। मंडल के इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अंडरपास बनने से लेवल क्रासिंग पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इससे न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि व्यस्त समय में लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में यातायात का निर्बाध संचालन हो सकेगा। रेलवे ने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के लिए भूमि के शीघ्र हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।