यूपी में शहीद वन कर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि, वन विभाग को आधुनिक-सशक्त बनाने पर मंथन करेगी सरकार
लखनऊ में 11 सितंबर को राष्ट्रीय वन शहीद दिवस मनाया जाएगा, जिसमें देशभर के वन अधिकारी शहीद कर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे। ...और पढ़ें

CM योगी आदित्यनाथ। (तस्वीर- फाइल)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वन और वन्यजीवों की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले वन कर्मियों के सम्मान में इस वर्ष राष्ट्रीय वन शहीद दिवस का आयोजन लखनऊ में होगा।
11 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में देशभर के वन अधिकारी, कर्मचारी और विशेषज्ञ जुटेंगे। शहीद वन कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ वन विभाग को आधुनिक, सुरक्षित और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी।
आयोजन के संबंध में आल इंडिया फारेस्ट आफिसर्स फेडरेशन पदाधिकारियों ने गुरुवार को वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना व प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी से अलग-अलग मुलाकात भी की।
फेडरेशन के उप महासचिव डॉ. सौरभ वशिष्ठ ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शहीद वन कर्मियों को श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप वन विभाग को अधिक सशक्त, आधुनिक और सक्षम बनाने की दिशा में गंभीर मंथन करना भी है।
बैठक में अग्रिम पंक्ति के वन कर्मियों की सुरक्षा, प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, क्षमता विकास, कार्य परिस्थितियों में सुधार तथा उनके कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। विभिन्न राज्यों में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और वन कर्मियों के सशक्तीकरण के लिए अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का अध्ययन और मूल्यांकन भी किया जाएगा।