'राजनीति के लिए कम से कम भाई की तेरहवीं तक रुक जाते सपा प्रमुख', अखिलेश यादव के बयान पर ओपी राजभर का पलटवार
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने भाई की तेरहवीं तक राजनीति से दूर रहना चाहिए था। ...और पढ़ें

अखिलेश यादव के बयान पर ओपी राजभर का पलटवार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सुभासपा अध्यक्ष व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर किए गए तंज पर पलटवार किया है।
‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में लिखा है कि सपा प्रमुख में सत्ता पाने की इतनी अधिक लालसा है कि वह घर में शोक होने पर भी राजनीति से बाज नहीं आ रहे हैं। नसीहत दी है कि कम से कम भाई की तेरहवीं तक तो रुक जाते, इसके बाद राजनीति कर लेते।
राजभर ने लिखा है कि अखिलेश जी अभी आपके भाई का देहांत हुआ, आपका पूरा परिवार परेशान है। हमें लगा था कि आप दुख में होंगे, लेकिन आप तो परिवार में शोक के बाद भी राजनीति कर रहे हैं। आपको खुद के घर से ज्यादा दूसरों के घरों के मामलों की चिंता है। रही बात मंत्रियों के विभाग के बंटवारे की तो आप क्यों परेशान हैं।
मंत्रालय बंटवारे में देरी पर अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार को घेरने की तंजिया शैली में फिर पूछा था कि क्या उप्र में मंत्रियों के नाम के बाद, अब उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी?
आरोप लगाया कि मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह ‘कमीशन-कमाई’ है। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नये मंत्री बने हैं वह दर्शक दीर्घा में बैठकर, गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं।
अखिलेश यादव ने इंटरनेट प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि उप्र की जनता ने ठाना है कि नये मंत्रियों को जो मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी, ताकि नये-नवेले मंत्रीगण अपने खजाने न भर सकें। इसके लिए कागजी प्रमाण के साथ ऑडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किये जाएंगे।
खबरें और भी
अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने वाले सारे विभाग भाजपा ने बर्बाद कर दिये हैं। उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार जानती है कि ये आखिरी बार है जब वो सत्ता में है, इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों के मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी।