प्रयागराज में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, पैमाइश के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक और बिचौलिया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने प्रयागराज के हंडिया तहसील में जमीन की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक और एक बिचौलिये को रं ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
राजस्व निरीक्षक और बिचौलिया रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
जमीन पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत।
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने की कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जमीन की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शुक्रवार को हंडिया तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक और उसके कथित बिचौलिये को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पांच अगस्त को पुलिस अधीक्षक, उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, प्रयागराज सेक्टर से शिकायत की थी कि उसके पिता राजेंद्र प्रताप सिंह ने मौजा वारी, परगना व तहसील हंडिया स्थित खाता संख्या-219, गाटा संख्या-451 की 0.0460 हेक्टेयर संक्रमणीय भूमि की पैमाइश कराने के लिए कई बार राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी से अनुरोध किया।
क्या है आरोप?
आरोप है कि राजस्व निरीक्षक ने पैमाइश कराने से पहले 10 हजार रुपये रिश्वत देने की मांग की और कहा कि रुपये मिलने के बाद ही नाप की जाएगी। शिकायत का सतर्कता अधिष्ठान ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद निरीक्षक औरंगजेब खान के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
शुक्रवार को टीम ने हंडिया तहसील की बाउंड्री से सटे शास्त्री भवन के बरामदे में जाल बिछाया। दोपहर करीब 1:25 बजे राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी, जो वर्तमान में धनूपुर क्षेत्र, तहसील हंडिया में तैनात हैं, और उनके साथ मौजूद राजेश कुमार (निजी व्यक्ति) को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- रायबरेली : पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को लगी गोली, पांच गिरफ्तार; चोरी के 12.400 KG चांदी के गहने बरामद
गिरफ्तार राकेश तिवारी मूल रूप से ग्राम चौकठा नरवर, तहसील मेजा, थाना मांडा के निवासी हैं, जबकि राजेश कुमार हंडिया तहसील क्षेत्र के सेकीकला गांव का निवासी है। सतर्कता अधिष्ठान ने दोनों आरोपितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।