लखनऊ में घर में घुस गया तेज रफ्तार ट्रक, सूचना के 2 घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
रहीमाबाद के अनीपुर में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक एक घर में घुस गया, जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था ...और पढ़ें

HighLights
तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक घर में घुसकर क्षतिग्रस्त हुआ।
पुलिस के देर पहुंचने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम की।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
जागरण संवाददाता, मलिहाबाद (लखनऊ)। रहीमाबाद के अनीपुर में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे में मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आक्रोशित लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लोगों का आरोप है कि सूचना के दो घंटे बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
अनीपुर गांव में महेंद्र उर्फ टीटू परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार सुबह वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के दूसरे हिस्से में थे। अचानक से एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधा उनके मकान में जा घुसा। घटना में उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक केसरी खेड़ा निवासी युवक चला रहा था और वह नशे में था। आरोप है कि सूचना देने के दो घंटे बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। नाराज होकर लोगों ने रहीमाबाद-गहदो रोड जाम कर दी। इससे आवागमन ठप हो गया।
सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुणायक ने कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया। लोगों ने कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।