इंतजार खत्म! सोमवार से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर दौड़ेंगी गाड़ियां, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे लोकार्पण
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद वाहन फर्राटा भर सकेंगे। ...और पढ़ें
-1783799487267_m.webp)
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सोमवार से फर्राटा भरेंगे वाहन, रक्षामंत्री करेंगे शुभारंभ
HighLights
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।
नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में रहेंगे।
सैनिक स्कूल में जनसभा, इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का शिलान्यास भी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। आखिरकार इंतजार की घड़ी खत्म हो गई। सोमवार से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे, लेकिन इसके पहले स्थानीय सांसद एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के मुताबिक, लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, रक्षामंत्री सुबह 10:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे केजीएमयू के 22वें दीक्षा समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद अपने पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पहुंचेंगे और यहां से दोपहर तीन बजे लॉ-मॉर्टीनियर कॉलेज से हेलीकॉप्टर से लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में उन्नाव पहुंचेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद रक्षामंत्री फिर लखनऊ लौटेंगे और सैनिक स्कूल सरोजिनी नगर के वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर शाम 4:30 बजे से 5:45 बजे तक स्कूल परिसर में ही आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसी दौरान इंजीनियरिंग कालेज फ्लाइओवर का शिलान्यास भी करेंगे। राजनाथ सिंह शाम छह बजे लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि उन्नाव में लोकार्पण करने के बाद एक्सप्रेसवे से ही सफर करते हुए लखनऊ के कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल के कार्यक्रम स्थल पर आएंगे।