यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
NDA या I.N.D.I.A. किसके साथ विधानसभा उपचुनाव लड़ेगी रालोद? जयंत बोले- परेशान हैं अखिलेश यादव
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी गठबंधन के साथ उपचुनाव लड़ेगी। गठबंधन भाजपा के साथ होगा। इसके साथ ही अखिलेश का नाम लिए ब ...और पढ़ें

HighLights
- जयंत ने कहा, परेशान हैं अखिलेश इसलिए संसद में उठा रहे हैं जाति का मुद्दा
- रालोद प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने की अपील की
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद गुरुवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी संसद में जाति के मुद्दे पर अपने पुराने साथी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा संविधान कोई नहीं बदल सकता है। संसद में जाति को लेकर इस तरह की तस्वीर दिखाना नियम विरुद्ध होता है। बार-बार संसद में प्रतिबंध भी लगाया जा रहा है। इसके बावजूद संसद की अवमानना हो रही है।
अखिलेश का नाम लिए बिना कहा कि मीडिया के सवालों पर बार-बार उनके मालिक का नाम पूछते हुए उनको (अखिलेश) देखा है। वह परेशान (डिस्टर्ब ) हैं। विधानसभा की 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में रालोद की सीटों पर कुछ भी स्पष्ट करने से बचते हुए जयंत ने इतना ही साफ किया कि उनकी पार्टी भाजपा गठबंधन के साथ उपचुनाव लड़ेगी।
जब गठबंधन होता है तो मिलकर लड़ा जाता है: जयंत
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल विकास के प्रशिक्षित लाभार्थियों को सम्मानित करने संबंधी कार्यक्रम में पहुंचे जयंत ने मीरापुर के अलावा किसी और विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोकदल के चुनाव लड़ने के सवाल कहा कि 10 सीटों पर उपचुनाव होने वाला है। जब गठबंधन होता है तो मिलकर लड़ा जाता है। इसके बाद चुनाव चिन्ह पर ध्यान नहीं दिया जाता है।
लखनऊ में बुधवार की बारिश के समय गोमती नगर में पानी भरने के दौरान अराजकता और छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई पर जयंत बोले कि जीरो टालरेंस होना चाहिए समाज में भी, ऐसी सरकार में भी। पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा स्थल के चबूतरे को तोड़ने पर रालोद अध्यक्ष ने कहा कि इतनी कटुता नहीं होना चाहिए। किसी भी वर्ग के व्यक्ति का अपमान नहीं होना चाहिए।
खबरें और भी
विधानसभा में उठे नजूल की भूमि के मुद्दे को लेकर जयंत बोले कि मैने पढ़ा है कि इस विधेयक को लेकर बड़ा विवाद चल रहा है। यहीं लोकतंत्र होता है। विधेयक बनते हैं और बदले भी जाते हैं। रघुराज प्रताप सिंह और सिद्धार्थ नाथ सिंह के नजूल विधेयक के बयानों को लेकर कहा कि जो उन्होंने कहा यह उनका हक है। जयंत ने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलकर किसानों की उन्नति के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले पार्टी मुख्यालय में जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करने की अपील की। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार लखनऊ आने पर पार्टी मुख्यालय में रालोद नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठकों में आए कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए अपने सुझाव मांगे। जयंत ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने युवाओं को ध्यान में रखते हुए अच्छा बजट पेश किया है। सरकार कौशल विकास को लेकर गंभीर है। पहली बार किसी बजट में 20 लाख युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देने की घोषणा की गई है।