विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सौमित्र विहार योजना: लखनऊ में घर बसाने का सपना होगा पूरा, किफायती दरों पर मिलेंगे 5000 से अधिक प्लॉट

Updated: Sun, 16 Aug 2026 01:28 PM (IST)

सौमित्र विहार योजना के तहत लखनऊ में 5000 से अधिक किफायती आवासीय प्लॉट उपलब्ध होंगे, जो उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की एक स्मार्ट टाउनशिप है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से सुदृढ़ किया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से सुदृढ़ किया गया है।

HighLights

  1. लखनऊ में 5000 से अधिक किफायती आवासीय प्लॉट उपलब्ध होंगे।

  2. योजना न्यू जेल रोड, गोसाईंगंज में 560 एकड़ में विकसित।

  3. अगस्त में रजिस्ट्रेशन शुरू होने की उम्मीद, यूपी रेरा आवेदन।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राजधानी में बसने का सुनहरा मौका बन कर सामने आई सौमित्र विहार योजना का इंतजार काफी दिनों से किया जा रहा है। योजना के तहत, लखनऊ में 5000 से अधिक प्लॉट काटने की योजना है, जिसका आकार 80 से 300 वर्ग मीटर तक रहेगा।

उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की यह आवासीय योजना लखनऊ के न्यू जेल रोड, गोसाईंगंज क्षेत्र में विकसित हो रही है, जो 560 एकड़ की एक विशाल एकीकृत स्मार्ट टाउनशिप है। 

बता दें कि इस आवासीय योजना के तहत लखनऊ में आम आदमी के लिए किफायती दरों पर प्लॉट उपलब्ध होंगे। इस कारण ही घर बनाने की इच्छुक लोग योजना के खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

इस आर्टिकल में सौमित्र विहार से जुड़ी जानकारियां

  • सौमित्र विहार योजना क्या और कहां स्थित है?
  • सौमित्र विहार योजना की पात्रता क्या है?
  • सौमित्र विहार के प्लॉट की कीमत कितनी है?
  • सौमित्र विहार योजना का रजिस्ट्रेशन कब खुलेगा?
  • सौमित्र विहार योजना अब तक कहां पहुंची?
  • सौमित्र विहार योजना का फायदा क्या है?
  • सौमित्र विहार योजना के फ्रॉड से कैसे बचें?

सौमित्र विहार योजना क्या और कहां स्थित है?

26 दिसंबर 2024 को उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद परिषद ने एलान किया था कि 13 जनवरी 2025 को प्रयागराज महाकुंभ में लखनऊ की नई जेल रोड आवासीय योजना सहित मेरठ, अयोध्या सहित कई अन्य योजनाएं शुरू की जाएंगी। मार्च 2025 को निदेशक मंडल की 270वीं बैठक में मोहनलालगंज नई जेल रोड टाउनशिप का नाम सौमित्र विहार योजना रखने पर बोर्ड ने मुहर लगाया था।

सौमित्र विहार योजना की पात्रता क्या है?

इस योजना के तहत खरीदार का उत्तर प्रदेश का निवासी होना जरूरी है। प्लॉट खरीदने वाले की उम्र 18 से 55 साल के बीच होनी चाहिए।

सौमित्र विहार के प्लॉट की कीमत कितनी है?

योजना में 5000 से अधिक भूखंड होंगे, जो 80 से 300 वर्ग मीटर तक के होंगे। पहले चरण में 2092 भूखंडों की बिक्री शुरू होनी है। भूमि का मूल्य 25 से 26 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर होने का अनुमान है।

सौमित्र विहार के प्लॉट का आकार 

आवासीय भूखंड 

क्षेत्रफल (वर्ग मीटर में) संख्या
300 161
200 579
122.23 445
75 598
60.29 229
40.74 80

कमर्शियल भूखंड

क्षेत्रफल (वर्ग मीटर में) संख्या
1375 05
200 57
100 107

सौमित्र विहार योजना का रजिस्ट्रेशन कब खुलेगा?

उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद अब आम लोगों के लिए इस योजना का पंजीकरण शुरू करेगा। इस योजना को अगस्त माह में लॉन्च करने की तैयारी है। इसी योजना के लिए जमीन देने वाले 192 किसानों को लॉटरी में विकसित भूखंड आवंटित किए गए हैं।

सौमित्र विहार योजना का पंजीकरण कराने के लिए यूपी रेरा में आवेदन किया गया है, यह पूरा होते ही आम लोगों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। परिषद इसकी तैयारियां कर रहा है।

-चंदन पटेल, प्रभारी लखनऊ जोन व उप आवास आयुक्त

सौमित्र विहार योजना अब तक कहां पहुंची?

सौमित्र विहार आवासीय योजना के पंजीकरण को लेकर करीब दो साल से निदेशक मंडल बैठक होती रही हैं। जिनके निष्कर्ष में यही दावा किया जाता रहा कि योजना का पंजीकरण यूपी रेरा में चल रहा है। हालांकि इस महीने ही 11 अगस्त को आवास विकास परिषद की ओर से यूपी रेरा के पोर्टल पर आवेदन किया गया है। किसानों से परिषद के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।

यूपी रेरा के पोर्टल पर 11 अगस्त को आवास विकास परिषद ने सौमित्र विहार योजना का पंजीकरण कराने के लिए आवेदन किया है। अब अभिलेखों की जांच आदि प्रक्रिया शुरू होगी।

-संजय भूसरेड्डी, अध्यक्ष यूपी रेरा

सौमित्र विहार योजना का फायदा क्या है?

सौमित्र विहार उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी टाउनशिप होगी, जिसमें लैंड पूलिंग योजना यानी किसानों की सहमति से भूमि ली गई। ऐसे में जमीनी विवाद को लेकर कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। इसमें सड़कें, हरित पट्टी, कृत्रिम झीलें, व्यावसायिक केंद्र (169 कमर्शियल प्लॉट), और ईडब्ल्यूएस/एलआईजी (EWS/LIG) के लिए विशेष आवासीय क्षेत्र हैं।

सौमित्र विहार योजना के फ्रॉड से कैसे बचें?

आवास विकास परिषद की यह योजना में अभी तक आम जनता के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं शुरू हुआ है, ऐसे में यदि कोई एडवांस प्लॉट बुकिंग या स्पेशल बुकिंग जैसे लुभावने वादे करता है तो सावधान रहें, यह आपके साथ फ्रॉड करने की कोशिश हो सकती है। इस योजना में एडवांस बुकिंग की व्यवस्था नहीं है।

यह भी पढ़ें- वसुंधरा में आवास विकास परिषद की बड़ी कार्रवाई, तीन होटल और एक जिम सील

यह भी पढ़ें- हाथरस में ओमेक्स की इंटीग्रेटेड टाउनशिप को मंजूरी, आवास विकास परिषद ने कर्मचारियों को दी सौगात