एसटीएफ ने बिहार के दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 1.73 करोड़ रुपये का गांजा जब्त
एसटीएफ ने बिहार के चकिया टोल प्लाजा से दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6.94 क्विंटल गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। एसटीएफ ने 6.94 क्विंटल गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को बिहार के पूर्वी चंपारण स्थित चकिया टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.73 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमरोहा निवासी मोहम्मद मिसराज और असम के उदलगुड़ी निवासी अलमोन हेमरोम के रूप में हुई है।
आरोपितों के कब्जे से यूपी-21 बीएन 5051 नंबर का ट्रक, तीन मोबाइल फोन, दो ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और नकदी भी बरामद की है।
बिहार के चंपारण टोल प्लाजा से किया गया गिरफ्तार
एसटीएफ को यह सूचना मिली थी कि असम से उदलगुड़ी से गोरखपुर में गांजा की तस्करी की जा रही है। इसकी जांच के लिए एसटीएफ की एक टीम बिहार के सीमावर्ती जिलों में भ्रमण कर रही थी। एसटीएफ के मुखबिर ने जब गाड़ी नंबर यूपी-21 बीएन 5051 नंबर के ट्रक की जानकारी दी तो चकिया टोल प्लाजा पर टीम ने सक्रियता बढ़ा दी। इसी बीच संबंधित नंबर का ट्रक दिखाई दिया तो उसे रोककर तलाशी ली गई तो ट्रक में गांजा बरामद हुआ।
एक लाख रुपये देने का वादा किया था
पूछताछ में आरोपित मिसराज ने बताया कि गांजा की आपूर्ति के लिए उसे एक लाख रुपये देने का वादा किया गया था। आरोपितों ने बताया कि असम से ट्रक में गांजा लोड कर दरभंगा में सप्लाई की बात की गई थी, लेकिन सही दाम न मिलने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गांजा की सप्लाई करने को कहा गया, लेकिन वहां भी सही दाम तय न होने पर गोरखपुर में गांजा सप्लाई करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।