स्मार्ट मीटर लगने के बावजूद बिजली विभाग के 20 हजार रिटायर्ड कर्मियों को नहीं मिल रहे बिल, दफ्तरों के काट रहे चक्कर
बिजली विभाग के 20,000 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मार्ट मीटर लगने के बाद भी बिजली बिल नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे वे भुगतान नहीं कर पा रहे। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बिजली विभाग अपने ही बीस हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिजली बिल नहीं दे पा रहा है। ऐसे में यह बड़ा वर्ग एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी के चेंबर में चक्कर लगाने को विवश हैं। यह स्थिति अगस्त 2025 से शुरू हुई थी, जो अभी तक बरकरार है।
इसके पीछे कारण भी जटिल है और उसे मीटर लगाने वाली एजेंसी के सॉफ्टवेयर इंजीनियर द्वारा ठीक किया जाना है। सिर्फ लखनऊ ही नहीं मध्यांचल सहित प्रदेश के हर जिला का सेवानिवृत्त कर्मचारी इसका सामना कर रहा है। इन कर्मचारियों के घरों में बिजली विभाग ने नया मीटर तो लगा दिया है, यह चल भी रहा है लेकिन नए मीटर नंबर की फीडिंग सिस्टम पर अपडेट नहीं हो पा रही है।
इसके कारण मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के बीस हजार के आसपास सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिजली का बिल नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में यह वर्ग बिजली बिल जमा नहीं कर पा रहा है।
बता दें कि बिजली विभाग के कर्मचारी का बिल उनके वेतन से कटता है और सेवानिवृत्त कर्मचारी को हर माह काउंटर पर या आनलाइन जमा करना पड़ता है।
केस एक
सहायक अभियंता पद से सेवानिवृत्त चंद्र प्रकाश ऐशबाग की राम नगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। इनका बिजली का बिल कई महीनों से इन्हें नहीं मिल रहा है।
यह लखनऊ मध्य जोन के अधिशासी अभियंता (कलेक्शन) से मिलकर पूरी स्थिति से अवगत करा चुके हैं। इसके बाद भी कई महीनों से इनका बिल इन्हें नहीं मिला। ऐसे में हर माह की धनराशि बढ़ती जा रही है। इनका कनेक्शन नंबर 570794 है और पीपीओ नंबर 2982 है।
केस दो
बिजली विभाग से सेवानिवृत्त धीरज सिंह का बिल भी महीनों से नहीं बन रहा है। इनके परिसर में स्मार्ट मीटर तीस सितंबर 2025 में ही लगा दिया गया था। धीरज के मुताबिक वह कई बार संबंधित अभियंता से शिकायत कर चुके हैं।
खबरें और भी
धीरज का खाता संख्या नंबर 6321172883 है। वहीं अलीगंज के सेक्टर एल निवासी सुरेन्द्र गुप्ता (सेवानिवृत्त बिजली कर्मी) भी परेशान है। क्योंकि इनके परिसर में सिंगल फेस मीटर लगा दिया गया जबकि गुप्ता द्वारा अपने परिसर में दो एयर कंडिशनर घोषित किए गए हैं।
इनके परिसर में थ्री फेज मीटर लगाना चाहिए। इनका नया खाता संख्या 7326614938 आवंटित कर दिया गया है। अब इनके परिसर में थ्री फेज मीटर नहीं लग रहा है।
यह समस्या मध्यांचल के अलावा पूरे प्रदेश की है। हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारी परेशान है। इसको लेकर मीटर सेक्शन के अधिशासी अभियंताओं को समय-समय पर अवगत कराया जा चुका है। इसके बाद भी समस्या बनी हुई है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनका मीटर संख्या फीड नहीं हुआ है, इससे बिल ही नहीं बन पा रहा है। जल्द ही संबंधित जोन के मुख्य अभियंताओं से मिलकर भी पूरी स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
कप्तान सिंह, प्रमुख महासचिव, विद्युत पेंशनर्स परिषद उत्तर प्रदेशयह भी पढ़ें- प्री-पेड स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द, अब वर्तमान बिल के साथ पेंडिंग Bill का कुछ अमाउंट हर माह करना होगा जमा