यूपी कैबिनेट: सरकारी नौकरी में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए बढ़ा दायरा, नियमावली में 35 नए पद शामिल
यूपी कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सीधी भर्ती नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी है। इससे अब रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ ...और पढ़ें

HighLights
कैबिनेट ने सीधी भर्ती नियमावली में संशोधन को स्वीकृति दी।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए 35 नए पद शामिल।
रजत-कांस्य पदक विजेता भी अब क्रीड़ाधिकारी जैसे पदों पर पात्र।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था का दायरा बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 में संशोधन को स्वीकृति दे दी गई।
अब नियमावली में 35 नए पद जोड़े जाएंगे, जिससे ओलंपिक, एशियन गेम्स, कामनवेल्थ गेम्स और विश्व चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नियुक्ति देना आसान होगा।
संशोधित व्यवस्था के तहत खेल विभाग के क्रीड़ाधिकारी के नौ पद, युवा कल्याण विभाग के जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के तीन पद तथा खेल विभाग के उप क्रीड़ाधिकारी के 23 पद नियमावली में शामिल किए गए हैं।
क्रीड़ाधिकारी और जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के पद पहले ही लोक सेवा आयोग की परिधि से बाहर किए जा चुके हैं।
वहीं, उप क्रीड़ाधिकारी के पद को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परिधि से अलग करने पर कार्मिक विभाग ने अनापत्ति दे दी है। इसके अलावा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी के दो पदों को उनके वेतनमान के अनुरूप नियमावली के परिशिष्ट 'ग' से हटाकर परिशिष्ट 'ख' में शामिल किया जाएगा।
खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा और अधिक युवा खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे। वे खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करेंगे, साथ ही अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में भी अपनी सहभागिता रखेंगे।
खबरें और भी
खेल विभाग के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेताओं को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी बनाने का प्रविधान पहले से लागू है। अब रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी सीधे क्रीड़ाधिकारी, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी व उप क्रीड़ाधिकारी जैसे पदों पर नियुक्ति के पात्र होंगे।
वर्ष 2022 में नियमावली लागू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले अधिकांश पात्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वर्तमान में केवल दो पात्र खिलाड़ी शेष हैं, जिन्हें क्रीड़ाधिकारी के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
30 स्वीकृत पदों में अभी 13 रिक्त
वर्ष 2022 में लागू नियमावली के तहत 10 विभागों में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों की सीधी भर्ती के लिए कुल 30 पद चिन्हित किए गए थे। इनमें अब तक 17 पदों पर नियुक्ति हो चुकी है, जबकि 13 पद खाली हैं। वर्ग 'क' में ग्रामीण विकास विभाग के चार खंड विकास अधिकारी पदों में तीन भरे और एक रिक्त है।
बेसिक शिक्षा विभाग में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का एक पद व माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक के दोनों पद खाली हैं। गृह विभाग के सातों पुलिस उपाधीक्षक पद और पंचायतीराज विभाग के दोनों जिला पंचायत राज अधिकारी पद भर चुके हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के छह पदों में एक भरा और पांच रिक्त हैं। वर्ग 'ख' में युवा कल्याण विभाग के दोनों जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी पद भरे हुए हैं।
वर्ग 'ग' में परिवहन विभाग के दोनों यात्रीकर/मालकर अधिकारी व राजस्व विभाग के दोनों नायब तहसीलदार पदों पर नियुक्ति हो चुकी है, जबकि वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी के दोनों पद अभी रिक्त हैं।
यह भी पढ़ें- योगी का कैबिनेट का बड़ा फैसला: गोरखपुर और मुरादाबाद में म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने को हरी झंडी
यह भी पढ़ें- यूपी कैबिनेट ने खोला पिटारा, वाराणसी में ESIC मेडिकल कॉलेज, इन दो जिलों को भी बड़े अस्पताल की सौगात