यूपी के 3 जिलों में इस महीने लगेगा रोजगार मेला, 100+ कंपनियां शाम से पहले देंगी ऑफर लेटर
कौशल विकास मिशन इस महीने लखनऊ, झांसी और वाराणसी में तीन रोजगार मेले आयोजित कर रहा है। इन मेलों में प्रशिक्षित युवाओं को विभिन्न कंपनियों से सीधे जुड़न ...और पढ़ें
-1773413469391-1773413490620_m.webp)
(Photo Source - AI Generated)
HighLights
लखनऊ, झांसी, वाराणसी में इस माह तीन रोजगार मेले।
कौशल विकास मिशन द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल।
100 से अधिक कंपनियां, न्यूनतम 1.5 लाख वार्षिक वेतन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कौशल विकास मिशन की पहल पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस माह तीन रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न कंपनियां भाग लेकर प्रशिक्षित और योग्य युवाओं का चयन करेंगी।
पहला रोजगार मेला 18 मार्च को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा, जिसमें लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और बरेली मंडल के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। 24 मार्च को झांसी के बुंदेलखंड महाविद्यालय में रोजगार मेला लगेगा।
इसमें झांसी, चित्रकूट और आगरा मंडल के युवाओं को मौका मिलेगा। 25 मार्च को वाराणसी के राजकीय आइटीआइ करौंदी परिसर में मेला लगेगा, जहां वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज मंडल के अभ्यर्थी कंपनियों से सीधे जुड़ सकेंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि इन मेलों के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं और कंपनियों को एक मंच पर लाकर रोजगार की प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।
कम से कम 1.50 लाख रुपये वार्षिक वेतन
मिशन डायरेक्टर पुलकित खरे के अनुसार, हर मेले 100 से अधिक कंपनियां और नियोक्ता रहेंगे। प्रयास रहेगा कि कम से कम 1.50 लाख रुपये वार्षिक वेतन वाली रिक्तियां उपलब्ध हों।
अभ्यर्थी पहले से डिजिटल पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि मौके पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा रहेगी। दूसरे प्रदेशों की कंपनियों को कम से कम 50 और स्थानीय कंपनियों को न्यूनतम 30 रिक्तियों के साथ भाग लेने की शर्त है। साथ ही सभी कंपनियों को शाम तक चयनित अभ्यर्थियों को आफर लेटर देना होगा।