UP Weather Today: लखनऊ-गोरखपुर सहित प्रदेश के 26 जिलों में जारी रहेगी उमस भरी गर्मी, IMD ने जारी किया अलर्ट
उत्तरी ओडिशा के पास निम्न दाब क्षेत्र से मानसूनी सक्रियता घटने के कारण उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में उमस भरी गर्मी जारी रहेगी। अगले दो दिनों तक तापमान ...और पढ़ें

गोखपुर में धूप से बचकर जाती युवतियां। जागरण
HighLights
मानसूनी सक्रियता घटने से उमस भरी गर्मी
लखनऊ-गोरखपुर सहित 26 जिलों में उमस का असर
अगले दो दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी, आर्द्रता बढ़ेगी
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तरी ओडिशा के तट के पास उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी सक्रियता में कमी आयी है। इस कारण प्रदेश के 26 जिलों में उमस भरी गर्मी जारी रहेगी। अगले दो दिनों तक तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही उमस में वृद्धि के भी आसार हैं।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में अन्य कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण दो दिनों तक मानसूनी गतिविधियां पश्चिमी व दक्षिणी जिलों तक सीमित रहेंगी। ऐसे में सामान्य से अधिक आर्द्रता होगी। प्रदेश के पूर्वी व मध्यवर्ती जिलों में उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा।
इसके दो दिनों बाद प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता बढ़ेगी। सिंह के अनुसार प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर व आस पास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटों तक उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में 82.69 प्रतिशत किसानों की हुई फार्मर रजिस्ट्री, दो जिलों ने पूरा किया लक्ष्य
शनिवार को लखनऊ सहित कई जिलों के तापमान में वृद्धि हुई। राजधानी का तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में प्रयागराज में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बांदा और बस्ती में अधिकतम तापमान 40-40 डिग्री सेल्सियस रहा।