विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Weather Today: लखनऊ में खूब बरसे बादल, 20 जिलों में आज व कल भारी वर्षा का अलर्ट

Published: Wed, 02 Sep 2026 07:23 AM (IST)

लखनऊ में मंगलवार को भारी बारिश हुई जिससे कई इलाकों में जलभराव और तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने ...और पढ़ें

प्रदेश में बदल रहा मौसम। जागरण

प्रदेश में बदल रहा मौसम। जागरण

HighLights

  1. लखनऊ में मंगलवार को हुई भारी बारिश से जलभराव।

  2. तापमान में गिरावट, उमसभरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।

  3. यूपी के 20 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में मंगलवार को बादल जमकर बरसे। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर में करीब दो बजे डेढ़ घंटे तक कई इलाकों में बारिश होने से सड़कों और कालोनियों में घुटनों तक जलभराव हो गया। पिछले तीन-चार दिन से रुक-रुककर हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट आई और उमसभरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के करीब 20 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, लखनऊ में सुबह से ही बादलों की आवाजाही रहने के बाद दोपहर में करीब दो बजे आसमान काला हो गया और दिन में ही अंधेरा छा गया। तेज बिजली कड़कने के बीच वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं। शहीद पथ, कमता तिराहा, पालीटेक्निक, आलमबाग, कानपुर रोड और बुद्धेश्वर चौराहा समेत पूरे शहर में डेढ़ घंटे तक बारिश का दौर जारी रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक लखनऊ में 59 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।

एक जून से एक सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 525.5 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। यानी सामान्य से 1.6 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई है। फिलहाल, अभी पांच सितंबर तक मध्य यूपी के साथ पूर्वी एवं दक्षिणी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मंगलवार को लखनऊ का दिन का पारा 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।

इन जिलों में आज भारी वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, कानपुर नगर एवं आसपास के इलाकों में बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा के पूर्वानुमान हैं। इसके अलावा प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदांयु, जालौन, हमीरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी के कई जिलों में स्वाइन फ्लू की दस्तक, फिरोजाबाद और बदायूं में दो की मौत; पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी संक्रमित

प्रतापगढ़ में सर्वाधिक बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 147 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि सोनभद्र में 140 मिमी, कानपुर शहर 129.6 मिमी, बांदा में 110.8 मिमी, आजमगढ़ में 101.8 मिमी, गाजीपुर में 95 मिमी, कन्नौज में 94.2, चित्रकूट में 92 मिमी, लखीमपुर खीरी में 90 मिमी और रायबरेली में 88.4 मिमी बारिश हुई।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग की चेतावनी, यूपी के इन जिलों में 4 सितंबर तक भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट